Assam Assembly Elections: असम में रविवार को एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया, जब कांग्रेस ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी सरमा पर तीन देशों के पासपोर्ट रखने और विदेश में बड़ी संपत्तियां होने का आरोप लगाया. इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री हिमंता सरमा ने इन आरोपों को बेबुनियाद और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताते हुए खारिज कर दिया.
हिमंता सरमा ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, ''आज पवन खेड़ा द्वारा की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस पार्टी में गहरी हताशा और घबराहट को दर्शाती है. जैसे-जैसे असम एक ऐतिहासिक जनादेश की ओर बढ़ रहा है, ऐसी हताशापूर्ण और बेबुनियाद हमलें केवल उनकी डूबती हुई स्थिति को उजागर करते हैं.''
पवन खेड़ा के आरोपों को ‘दुर्भावनापूर्ण, गढ़े गए और राजनीतिक रूप से प्रेरित’ बताते हुए सरमा ने कहा कि वह और उनकी पत्नी रिनिकी सरमा, पवन खेड़ा के खिलाफ 48 घंटे के अंदर आपराधिक और सिविल मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे. उन्होंने कहा कि खेड़ा को अपनी बातों की कीमत चुकानी पड़ेगी.
पवन खेड़ा ने क्या आरोप लगाए?
आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पवन खेड़ा ने विदेश से प्राप्त दस्तावेज दिखाते हुए दावा किया कि रिनिकी सरमा के पास संयुक्त अरब अमीरात (UAE), मिस्र (Egypt) और एंटीगुआ एंड बारबुडा (Antigua and Barbuda) के वैध पासपोर्ट हैं. उन्होंने आगे आरोप लगाया कि रिनिकी सरमा के दुबई में प्रॉपर्टी हैं और अमेरिका के वायोमिंग (Wyoming) राज्य में एक कंपनी रजिस्टर्ड है, जिसका बजट 34.67 बिलियन अमेरिकी डॉलर है और वह होटल उद्योग में प्रवेश करने की योजना बना रही है.
खेड़ा ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर भारतीय चुनाव कानूनों का पालन न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये विदेशी संपत्तियां सरमा के चुनावी हलफनामे में घोषित नहीं की गई हैं. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या रिनिकी सरमा के पास भारतीय नागरिकता और पासपोर्ट है, क्योंकि भारत दोहरी नागरिकता (Dual Citizenship) की अनुमति नहीं देता है.
कांग्रेस नेता ने आगामी विधानसभा चुनावों से हिमंता बिस्वा सरमा को अयोग्य ठहराने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने कहा कि ये अघोषित अंतरराष्ट्रीय संपत्तियां भ्रष्टाचार और चुनाव हारने पर विदेश भागने की कोशिश का संकेत देती हैं. खेड़ा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप करने और इन आरोपों की जांच के लिए Special Investigation Team (SIT) गठित करने की अपील की.
हिमंता सरमा का जवाब और मुकदमे की धमकी
इसके जवाब में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर ''हताशापूर्ण और बेबुनियाद'' अभियान चलाने का आरोप लगाया. उन्होंने एक्स पर कांग्रेस द्वारा शेयर किए गए दस्तावेजों में कथित डिजिटल छेड़छाड़ और गंभीर गड़बड़ियों की ओर इशारा किया. सरमा ने कहा कि दस्तावेजों में कई विसंगतियां हैं, जैसे...
असम के मुख्यमंत्री ने कहा, ''सत्य की जीत होगी. गलत सूचना फैलाने वालों को जवाबदेह बनाया जाएगा. मुझे पूरा विश्वास है कि पवन खेड़ा का झूठा अभियान अपने अंतिम दौर में है. अंत में, श्री खेड़ा को जेल जाना पड़ेगा.''