सागर: ग्राम बड़कुआ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक छोटी बच्ची बाल-बाल बची. शनिवार की सुबह करीब चार बजे जब बच्ची सो रही थी, तभी उसके तकिये के नीचे से अजीब सी सरसराहट हुई. नींद टूटते ही बच्ची ने तकिया हटाया और जो नजारा सामने आया, उसे देखकर उसके रोंगटे खड़े हो गए. तकिये के ठीक नीचे एक जहरीली कोबरा नागिन कुंडली मारे बैठी थी.
बच्ची की चीख सुनकर उसकी मां भी तुरंत जाग गई. दोनों ने एक पल भी गंवाए बिना कमरे से बाहर भागना शुरू कर दिया और जोर-जोर से चिल्लाकर पूरे घर को जगा दिया. इस दौरान नागिन बिस्तर से निकलकर रसोई में रखे फ्रिज के पीछे छिप गई. पूरे परिवार में दहशत फैल गई.
तुरंत स्थानीय सर्प मित्र बबलू पवार को सूचना दी गई. बबलू पवार मौके पर पहुँचे और काफी प्रयास के बाद फ्रिज के पीछे छिपी नागिन को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया. बबलू पवार ने बताया कि यह कोबरा प्रजाति की नागिन थी, जो बेहद खतरनाक और तेज होती है.
इसका जहर बहुत घातक होता है. छोटी होने के बावजूद इसमें काफी मात्रा में जहर रहता है और यह फुर्ती से हमला कर सकती है. गनीमत रही कि नागिन ने बच्ची पर हमला नहीं किया और बच्ची का हाथ भी उससे टकराया नहीं. अगर काट लेती तो स्थिति बहुत गंभीर हो सकती थी. परिवार ने भगवान का शुक्र अदा किया कि बच्ची बच गई. पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा है और लोग इसे चमत्कार ही मान रहे हैं.