Fake Income Tax Racket: एक गिरोह ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में इनकम टैक्स अधिकारियों का रूप धरकर दुकानदारों से पैसे ऐंठने की कोशिश की, लेकिन दुकानदारों की सतर्कता से उनका खेल बिगड़ गया. गाजीपुर के शादियाबाद बाजार में जब ये फर्जी इनकम टैक्स वाले दुकानों पर छापा मारने और पैसे मांगने आए, तो दुकानदारों को शक हो गया.
उन्होंने एक-दूसरे को सूचना दी और मिलकर तीन सदस्यों को पकड़ लिया. बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया. गिरोह का सरगना सरस कुमार गुप्ता मौके से भागने में सफल हो गया. गाजीपुर सिटी एसपी राकेश मिश्रा ने पुष्टि की कि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और मुख्य आरोपी गुप्ता को पकड़ने के लिए अलग टीम बनाई गई है. पिछले कई दिनों से शादियाबाद और सैदपुर बाजार के दुकानदार इस गिरोह से परेशान थे.
ये लोग खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर दुकानों पर फर्जी छापेमारी करते और दुकानदारों को डराकर बड़ी रकम वसूलते थे. जब ये गिरोह एक बार फिर शादियाबाद बाजार में सक्रिय हुआ, तो दुकानदारों ने इंडस्ट्रियल ट्रेड बोर्ड के अध्यक्ष इकरामुल हक को सूचित किया. उनकी सलाह पर दुकानदारों ने सतर्कता बरती और जब फर्जी अधिकारी फिर धमकाने लगे, तो उन्होंने उन्हें घेर लिया. गिरोह में कुल आठ सदस्य बताए जा रहे हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है.
तीन सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद शादियाबाद पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस अब बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है और पूछताछ जारी है. इस बीच सोशल मीडिया पर सरगना सरस कुमार गुप्ता की गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी के साथ एक पुरानी तस्वीर वायरल हो गई है, जिस पर लोगों की ओर से काफी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.