पंजाब राजनीति में नया तूफान: नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी ने अपनी पार्टी का किया ऐलान

Amanat Ansari 07 Apr 2026 01:25: PM 1 Mins
पंजाब राजनीति में नया तूफान: नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी ने अपनी पार्टी का किया ऐलान

चंडीगढ़: नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब की राजनीति में नया मोड़ लाते हुए एक नई राजनीतिक पार्टी शुरू करने की घोषणा कर दी है. पार्टी का नाम भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी रखा गया है. यह जानकारी उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए दी. पोस्ट में पार्टी के नाम वाली एक तस्वीर भी शामिल थी, जिसमें उन्होंने इसे "बहुप्रतीक्षित घोषणा" बताया.

उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रीय स्तर पर एक नया विकल्प तैयार करने के लिए काम कर रहे थे. मौजूदा राजनीतिक नेताओं के कामकाज को गहराई से परखा गया है. उनका लक्ष्य अपनी जिंदगी देश को समर्पित करना और लोगों को वह सब देना है जिसके वे हकदार हैं. घोषणा के समय उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू उनके साथ नहीं दिखे.

याद रहे कि नवजोत कौर सिद्धू को पिछले साल कांग्रेस पार्टी से निकाल दिया गया था. उसके बाद उन्होंने केंद्र सरकार की तारीफ शुरू की थी, जिससे बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगने लगी थीं. लेकिन नई पार्टी लॉन्च करके उन्होंने उन कयासों पर विराम लगा दिया.

पार्टी के उद्देश्य क्या बताए गए?

नवजोत कौर ने लिखा कि यह एक दिव्य प्रेरणा है, जिसने समान विचारधारा वाले लोगों को एक मंच पर लाया है. इन लोगों में हर राज्य में एक समान लक्ष्य हासिल करने का विश्वास, साहस और दृढ़ निश्चय है. वे न्याय, शांति और प्रेम के रास्ते पर चलते हुए उच्च चेतना की ऊर्जा के साथ काम करना चाहते हैं. पंजाब को उसका खोया हुआ गौरव लौटाने का संकल्प भी उन्होंने जताया.

उनका कहना है कि पंजाब फिर से एक सुनहरा राज्य बने, जहां लोग प्रेम, साझेदारी, न्याय, स्वतंत्रता और निस्वार्थ सेवा के साथ आध्यात्मिक विकास की राह पर आगे बढ़ सकें. बिना किसी बाहरी हस्तक्षेप के अपने लक्ष्य और मूल्यों को हासिल कर सकें. उन्होंने वादा किया कि वे लोगों द्वारा चलाई जाने वाली सरकार देंगे. यानी  लोगों की, लोगों के लिए और लोगों द्वारा वाली सरकार.

सत्य और प्रेम के मार्ग पर चलते हुए, आध्यात्मिक गुरुओं की मदद से लोगों की समस्याओं का समाधान होगा. यह घोषणा पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले आई है, जिससे राज्य की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है. अभी पार्टी की पूरी संरचना या आगे के कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी नहीं आई है.

Navjot Singh Sidhu Navjot Kaur Sidhu Indian Nationalist Party Punjab Politics Punjab News

Recent News