पटना: फादर्स डे के मौके पर राजद नेता तेज प्रताप यादव ने अपने माता-पिता लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के साथ खास समय बिताया. तेज प्रताप ने परिवार के साथ केक काटा और इस पल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं.
तेज प्रताप ने फेसबुक पोस्ट में पिता को भावुक संदेश देते हुए लिखा, "पिता वह अनमोल छाया हैं जो बच्चों की खुशियों के लिए हर कठिनाई सह लेते हैं. उनका प्रेम, संस्कार और आशीर्वाद ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है.
पिता का साथ जीवन की सबसे बड़ी ताकत और सबसे बड़ा आशीर्वाद होता है. हैप्पी फादर्स डे!" तेज प्रताप ने लालू यादव को नमन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की.
परिवार से दूरी के बावजूद भावनाएं अटूट
गौरतलब है कि कुछ समय पहले अनुष्का यादव मामले को लेकर तेज प्रताप यादव को परिवार और राजद पार्टी से अलग किया गया था. इसके बावजूद तेज प्रताप अपने माता-पिता से मुलाकात करते रहते हैं. जन्मदिन, त्योहार और खास मौकों पर वे परिवार के पास पहुंचते हैं. यह तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है, जहां लोग पिता-पुत्र के इस रिश्ते की तारीफ कर रहे हैं.