नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के चीफ अभिजीत दीपके का प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर धरने पर बैठे अभिजीत दीपके ने रातभर प्रदर्शनकारियों को जूस और खाना बांटने वाले वॉलंटियर मोहम्मद जुनैद के पैर छूकर उन्हें धन्यवाद दिया.
वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिजीत दीपके जुनैद के पास जाते हैं, उनके पैर छूते हैं और भावुक होकर आभार जताते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोग ही समाज में उम्मीद की किरण हैं जो बिना किसी स्वार्थ के दूसरों की मदद करते हैं.
प्रदर्शन का तीसरा दिन
शनिवार दोपहर शुरू हुए इस प्रदर्शन में अभिजीत दीपके और उनके समर्थक लगातार डटे हुए हैं. उन्होंने साफ ऐलान किया है, "जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, जंतर-मंतर नहीं छोड़ेंगे." रविवार को प्रदर्शन स्थल पर नारेबाजी, देशभक्ति गीत, डफली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का माहौल रहा. शाम तक 200 से ज्यादा लोग जमा हो चुके थे. दीपके ने किसान संगठनों से भी समर्थन मांगा है और सोमवार को बड़े जनसैलाब की उम्मीद जताई है.
मांग क्या है?
प्रदर्शन के दौरान बुनियादी सुविधाओं की शिकायत भी की गई, जिसके बाद पानी की आपूर्ति बहाल कर दी गई. अभिजीत दीपके का यह भावुक अंदाज और जुनैद जैसे आम नागरिकों के प्रति सम्मान सोशल मीडिया पर सराहा जा रहा है. प्रदर्शन अब चौथे दिन भी जारी रहने वाला है.