रविचंद्रन अश्विन ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने पहली पारी में शतक बनाकर भारतीय टीम को मुश्किल हालात से निकाला और दूसरी पारी में छह विकेट भी लिए. इस अद्भुत प्रदर्शन के लिए उन्हें "प्लेयर ऑफ द मैच" का खिताब भी मिला. लेकिन अब अश्विन को लेकर नई चर्चाएं सामने आ रही हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम इंडिया के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन आईपीएल 2025 में एक बार फिर से चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में खेलते हुए नजर आ सकते हैं. अश्विन की यह वापसी करीब दस साल बाद हो रही है. लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या उन्हें उनके वर्तमान टीम, राजस्थान रॉयल्स, द्वारा रिलीज किया जाता है. अगर राजस्थान रॉयल्स उन्हें रिलीज करती है, तो चेन्नई सुपर किंग्स अपने पूर्व स्टार खिलाड़ी को वापस लाने के लिए बड़ी राशि खर्च कर सकती है. लेकिन अगर अश्विन को रिलीज नहीं किया जाता, तो वह फिर से गुलाबी जर्सी में ही खेलते दिख सकते हैं.
इस बीच, चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे से एक और बड़ी खबर है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम भारतीय स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को सीएसके आईपीएल मेगा ऑक्शन में टीम में शामिल करने के लिए तैयार है. चेन्नई सुपर किंग्स, जो आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक है, शमी पर बड़ी राशि खर्च करने को तैयार है. गौरतलब हो इससे पहले भी चेन्नई ने शमी को खरीदने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी बोली सफल नहीं हो पाई थी.
मोहम्मद शमी फिलहाल गुजरात टाइटन्स का हिस्सा हैं, और माना जा रहा है कि गुजरात टाइटन्स उन्हें रिलीज करने की सोच रहे हैं. यदि ऐसा होता है, तो शमी को चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल करना उनके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है. इस तरह, अगले आईपीएल सीजन में कई बड़े नामों की, नई टीमों में शामिल होने की संभावना है, जो फैंस के लिए रोमांचक होगा.