'जहां चाहेंगे, वहीं हमला करेंगे...' ट्रंप की चेतावनी के बाद ईरान ने अमेरिका को दी सख्त धमकी, तनाव चरम पर

Amanat Ansari 23 Jul 2026 11:57: AM 1 Mins
'जहां चाहेंगे, वहीं हमला करेंगे...' ट्रंप की चेतावनी के बाद ईरान ने अमेरिका को दी सख्त धमकी, तनाव चरम पर

तेहरान/वाशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब युद्ध की आहट दे रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के पुलों और पावर प्लांटों को नष्ट करने की चेतावनी के जवाब में ईरान ने सख्त धमकी दी है. ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका उसके किसी पुल या बिजली प्लांट पर हमला करता है, तो वह पूरे क्षेत्र में अमेरिकी हितों वाले बुनियादी ढांचे, पुलों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले करेगा. ईरानी न्यूज एजेंसी Tasnim के हवाले से एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''हम जहां चाहेंगे, जब चाहेंगे, हमला करेंगे.''

ट्रंप ने हाल ही में सोशल मीडिया पर चेतावनी दी थी कि अगर ईरान हॉर्मुज जलडमरूमध्य में किसी जहाज पर हमला करता है, तो अमेरिका हर बार ईरान के एक पुल या पावर प्लांट को बम से उड़ा देगा. ईरान ने साफ कहा कि वह हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण बनाए रखेगा. विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने 'आंख के बदले आंख' की नीति दोहराते हुए कहा कि किसी भी हमले का शक्तिशाली और निर्णायक जवाब दिया जाएगा.

अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसने लगातार 12वीं रात ईरान के विभिन्न ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं. इन हमलों का मकसद ईरान की समुद्री मार्गों पर हमला करने की क्षमता को कमजोर करना बताया जा रहा है. ईरानी मीडिया के अनुसार, हाल के हमलों में पश्चिमी ईरान के कई इलाकों को निशाना बनाया गया, जिसमें कुछ नागरिकों की मौत भी हुई है.

वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चिंता बढ़ गई है. फिलहाल कूटनीतिक प्रयास जारी हैं, लेकिन दोनों तरफ स्थिति को और गंभीर बनती जा रही है.

Iran Trump Hormuz tanker attack

Recent News