Iran US News : अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में गश्त कर रहे अमेरिकी सेना के एक अत्याधुनिक अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराया है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी बयान में कहा कि उन्हें अमेरिकी सेना से जानकारी मिली है कि यह घटना सोमवार रात हुई. उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलट सुरक्षित हैं और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई है.
ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि मुझे अभी हमारी महान सेना ने बताया है कि कल रात ईरानियों ने होर्मुज स्ट्रेट पर गश्त के दौरान हमारे एक अत्याधुनिक अपाचे हेलीकॉप्टर को मार गिराया, इसमें दो पायलट शामिल थे. दोनों सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है. फिर भी, संयुक्त राज्य अमेरिका को इस हमले का जवाब देना ही होगा.
इस घटना ने ऐसे समय पर तनाव बढ़ा दिया है जब अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की चर्चा चल रही थी. ट्रंप ने पहले संकेत दिया था कि दोनों देशों के बीच शांति समझौता जल्द हो सकता है, लेकिन हेलीकॉप्टर गिराए जाने के दावे के बाद हालात फिर से तनावपूर्ण हो गए हैं. अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि की है, जबकि ट्रंप ने सीधे तौर पर ईरान को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है.
अब दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि अमेरिका इस घटना के जवाब में क्या कदम उठाता है और इसका मध्य-पूर्व की सुरक्षा स्थिति पर क्या असर पड़ता है.