नई दिल्ली: बिहार के बेगूसराय जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब सत्तारूढ़ जदयू के नेता की अपराधियों ने घर में घुसकर ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान 37 साल के नीलेश कुमार के रूप में हुई है, जो छौड़ाही प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष थे और हाल ही में वार्ड नंबर-10 (पीरनगर) से पंचायत अध्यक्ष चुने गए थे.
मंगलवार देर रात करीब 11 बजे नीलेश अपने डेरे पर सो रहे थे. इसी दौरान 8-9 हथियारबंद बदमाश घर में घुसे और उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. तीन गोलियां सीधे छाती, गर्दन और आंख के पास लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
गोलियों की तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग और पड़ोसी दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर हवा में फायरिंग करते हुए भाग चुके थे. सूचना मिलते ही छौड़ाही पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है तथा FSL टीम घटनास्थल पर सबूत जुटा रही है.
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है. एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय राजनीतिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है.