पश्चिम बंगाल चुनाव में BJP की बढ़त पर भावुक हुए कैलाश विजयवर्गीय

Amanat Ansari 04 May 2026 03:59: PM 1 Mins
पश्चिम बंगाल चुनाव में BJP की बढ़त पर भावुक हुए कैलाश विजयवर्गीय

West Bengal Legislative Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के रुझानों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है. पार्टी 195 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस 93 सीटों तक सिमट गई है. इस खबर से मध्य प्रदेश में खुशी का माहौल है. इंदौर स्थित भाजपा कार्यालय में जश्न मनाया जा रहा है.

इसी दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए. मीडिया से बात करते हुए उनकी आंखें नम हो गईं. उन्होंने कहा, ''मुझे कितनी खुशी हो रही है, इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकता.''

''खत्म हुआ अराजकता का दौर''

विजयवर्गीय ने इस जीत को देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में पिछले 15 वर्षों से भय और अराजकता का माहौल रहा. उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के शासन में राज्य में जंगल राज जैसी स्थिति बन गई थी. विपक्षी कार्यकर्ताओं पर अत्याचार होते रहे और लोकतंत्र कमजोर हुआ.

खुद पर लगे गंभीर आरोपों का जिक्र

कैलाश विजयवर्गीय ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि बंगाल में सक्रिय रहते हुए उनके खिलाफ कई झूठे मुकदमे दर्ज किए गए. इनमें दुष्कर्म और बाल तस्करी जैसे गंभीर आरोप भी शामिल थे. उन्होंने इन्हें राजनीतिक प्रतिशोध और दबाने की साजिश बताया.

विशेष विचारधारा पर निशाना

इस मौके पर विजयवर्गीय ने ममता बनर्जी के अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और अभिषेक बनर्जी पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि ये नेता देश में एक खास विचारधारा को फैलाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अब जनता जाग चुकी है. लोग विकास, सुशासन और अच्छे भविष्य के लिए वोट कर रहे हैं. भाजपा कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक बढ़त पर उत्साहित हैं और इसे बंगाल में बदलाव की शुरुआत मान रहे हैं.

Kailash Vijayvargiya Bengal Election Result BJP West Bengal

Recent News