कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्यान बनर्जी कथित तौर पर साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए. उनके उस बैंक अकाउंट से करीब 56 लाख रुपये निकाल लिए गए, जो वर्षों पहले विधायक रहते हुए खोला गया था. सूत्रों के अनुसार, बैंक अधिकारियों ने खुद कोलकाता पुलिस की साइबर क्राइम विभाग में शिकायत दर्ज कराई है.
सूत्रों से पता चला है कि 2001 से 2006 तक बनर्जी असंसोल दक्षिण से विधायक थे. उस दौरान सार्वजनिक क्षेत्र के एक बैंक की विधानसभा सब-ब्रांच में उनके नाम से अन्य विधायकों के साथ एक अकाउंट खोला गया था. विधायक के तौर पर उनकी सारी भत्ते इसी अकाउंट में जमा होते थे.
अब श्रीरामपुर से सांसद बनर्जी ने बताया कि इस पुराने अकाउंट में लंबे समय से कोई ट्रांजेक्शन नहीं हुआ था, इसलिए यह 'डॉर्मेंट अकाउंट' (बैंकों की भाषा में लंबे समय तक कोई लेन-देन न होने वाला खाता) बन गया था. आरोप है कि ठगों ने इसी अकाउंट का फायदा उठाकर अपनी साजिश रची.कल्यान का मुख्य अकाउंट फिलहाल एसबीआई की कालीघाट ब्रांच में है.
सांसद का दावा है कि हाईकोर्ट ब्रांच के मैनेजर ने उन्हें गुरुवार को फोन करके धोखाधड़ी की जानकारी दी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सांसद की फोटो और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर फर्जी तरीके से डॉर्मेंट अकाउंट में 56 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए और फिर पूरी रकम निकाल ली गई.