नई दिल्ली: अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत तथा योग गुरु बाबा रामदेव के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. कंगना के ‘गटर जेनरेशन’ वाले बयान पर रामदेव की आलोचना के जवाब में एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए करारा पलटवार किया है.
कंगना ने लिखा, “बाबा जी मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में दिन में सपने मत देखो. कोई सिर्फ अफवाहों और गॉसिप के आधार पर अंदाजा लगा सकता है. कम से कम मुझे कभी सुप्रीम कोर्ट से झूठे और धोखाधड़ी वाले मेडिकल असर के दावों के लिए फटकार नहीं लगी, जो पक्के तथ्यों पर आधारित हैं न कि किसी गॉसिप या अंदाजे पर. इसलिए मुझे कैरेक्टर के सबक मत दो. आपसे तो बहुत ज्यादा बेहतर है मेरा कैरेक्टर.”
दरअसल, बाबा रामदेव ने टीवी9 को दिए एक इंटरव्यू में कंगना के जेन-जी को ‘गटर’ कहने वाले बयान पर तीखा हमला बोला था. उन्होंने कहा था कि किसी भी जेन-जी को गटर बोलना बिगड़े हुए दिमाग की निशानी है. गलत बात है. पार्टी के लोगों को संज्ञान लेना चाहिए. रामदेव ने आगे कहा था कि कंगना का बचपन कैसा रहा, जवानी कैसी रही और पहले के कारनामे कैसे रहे, वह ऐसे लोगों के बारे में बात नहीं करना चाहते.
कंगना ने जुलाई में जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों और युवा महिलाओं को ‘गटर जेनरेशन’ करार दिया था. विवाद बढ़ने पर उन्होंने सफाई दी थी कि उनका बयान सभी युवाओं के खिलाफ नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए था जिन्होंने सार्वजनिक आचरण और भाषा की सीमा पार की. अब कंगना के इस तीखे जवाब से दोनों के बीच विवाद और गहरा गया है. सोशल मीडिया पर दोनों के बयान चर्चा का विषय बने हुए हैं.