कार्तिक आर्यन (Kartik Aryan) की मुख्य भूमिका वाली हॉरर-कॉमेडी फ़्रैंचाइज़ की फ़िल्म भूल भुलैया 3 ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर बंपर ओपनिंग की है. फ़िल्म में रूह बाबा और मंजुलिका की जोड़ी को प्रशंसकों ने काफ़ी पसंद किया है, जैसा कि फ़िल्म की रिलीज़ के दूसरे दिन के आंकड़ों से पता चलता है. ताजा रिपोर्ट में बताया गया है कि भूल भुलैया 3 ने रिलीज़ के दो दिन के भीतर ही वैश्विक स्तर पर 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है.
भूल भुलैया 3 वैश्विक बॉक्स ऑफिस अपडेट इसी रिपोर्ट में बताया गया है कि भूल भुलैया 3 ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 107 करोड़ रुपए की कमाई की है. निर्माताओं ने फ़िल्म के वैश्विक बॉक्स ऑफिस के पहले दिन के आंकड़ों पर एक बयान जारी किया है. फिल्म ने अपने पहले दिन वैश्विक स्तर पर 55.30 करोड़ रुपए कमाए. इसी के साथ दिवाली पर रिलीज हुई दूसरी फिल्म सिंघम अगेन (Singham Again), भूल भुलैया 3 को कड़ी टक्कर दे रही है. अजय देवगन (Ajay Devgn) की मुख्य भूमिका वाली सिंघम अगेन ने 125.20 करोड़ रुपए कमाए.
मीडिया के साथ एक इंटरव्यू में कार्तिक ने कहा कि दर्शक उनकी जर्नी को एक भारतीय सपने के रूप में देखते हैं. कार्तिक ने कहा कि मेरे दर्शक मेरी सफलता को एक भारतीय सपने के रूप में देखते हैं, जिससे वे खुद को जोड़ सकते हैं. वे मेरी जर्नी, मेरे उतार-चढ़ाव से बहुत ही व्यक्तिगत रूप से जुड़ते हैं. यह कुछ ऐसा है जिसे मैंने महसूस किया है क्योंकि बहुत सारे अभिनेता और लोग हैं, जो इस पेशे से नहीं हैं, वे भी किसी तरह से मेरी यात्रा से जुड़ते हैं और इसके इर्द-गिर्द कोई हेरफेर नहीं है. यही रिलेटेबिलिटी फैक्टर है.
कार्तिक आर्यन ने कहा कि कहीं न कहीं, मुझे लगता है कि उन्हें लगता है कि वह हम में से एक है. गौरतलब हो कि कार्तिक की भूल भुलैया 3 का निर्देशन अनीज बज्मी ने किया है, जो अभी बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही है. उन्होंने इससे पहले फिल्म निर्माता के साथ भूल भुलैया 2 में काम किया था, जिसमें कियारा आडवाणी, तब्बू और अन्य ने अभिनय किया था. इस फ्रेंचाइजी की नवीनतम सीरिज में, तृप्ति डिमरी, विद्या बालन, माधुरी दीक्षित, राजपाल यादव, विजय राज और अन्य महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं.