Khan Sir News : पटना में खान सर को लेकर चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार देर रात उनके कोचिंग संस्थान के बाहर बड़ी संख्या में छात्र जुट गए. बताया जा रहा है कि दिन में पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी की खबर फैलने के बाद छात्रों में भारी नाराजगी देखी गई. देर रात हजारों छात्र कोचिंग परिसर के बाहर पहुंच गए और अपने शिक्षक के समर्थन में नारेबाजी करने लगे.
सूत्रों के अनुसार, पुलिस की टीम खान सर से जुड़े मामले में पूछताछ और जांच के लिए पहुंची थी. इसी बीच सोशल मीडिया पर छापेमारी की खबर तेजी से वायरल हो गई, जिसके बाद छात्रों का हुजूम कोचिंग सेंटर के बाहर जमा होने लगा। कई छात्रों ने दावा किया कि वे खान सर के समर्थन में स्वेच्छा से पहुंचे हैं और उनके खिलाफ हो रही कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं.
मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई. अधिकारियों ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की. हालांकि देर रात तक किसी बड़े टकराव या हिंसक घटना की सूचना नहीं मिली. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की.
उधर खान सर की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. वहीं, उनके समर्थकों का कहना है कि जांच निष्पक्ष होनी चाहिए और बिना तथ्य सामने आए किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए.
खान सर से जुड़े मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक बहस का रूप ले लिया है. सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा लगातार ट्रेंड कर रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाई जा रही है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.