"इस विदेश नीति का दोष कांग्रेस पर नहीं डाला जा सकता"...खड़गे ने ट्रंप टैरिफ को लेकर PM मोदी पर साधा निशाना

Amanat Ansari 07 Aug 2025 01:32: PM 2 Mins

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर कुल 50% व्यापार टैरिफ लगाए जाने के बाद मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला. बता दें कि ट्रंप प्रशासन ने 1 अगस्त को भारतीय सामानों पर 25% टैरिफ की घोषणा की थी और लगभग एक सप्ताह बाद भारत के रूस के साथ तेल व्यापार को निशाना बनाते हुए अतिरिक्त 25% टैरिफ लगाया. इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार भारत के आर्थिक हितों की रक्षा करने में विफल रही है.

खड़गे ने कहा, "भारत का राष्ट्रीय हित सर्वोपरि है," और केंद्र की विदेश नीति को "क्लूलेस" (दिशाहीन) करार दिया. उन्होंने कहा, "ट्रंप का 50% टैरिफ ऐसे समय में आया है, जब हमारी अपनी कूटनीति बुरी तरह लड़खड़ा रही है." खड़गे ने यह भी याद किया कि भारत ने अतीत में कठिन परिस्थितियों को गरिमा के साथ संभाला है. उन्होंने कहा, "7वें बेड़े की धमकियों से लेकर परमाणु परीक्षणों के प्रतिबंधों तक, हमने अमेरिका के साथ अपने संबंधों को आत्मसम्मान और गरिमा के साथ संचालित किया है.

एक्स पर एक लंबे पोस्ट में कांग्रेस प्रमुख ने प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा निशाना साधा और सरकार की विफलताओं को उजागर करने के लिए पांच प्रमुख बिंदुओं को सूचीबद्ध किया..

  • "जब ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने युद्धविराम करवाया, तब आप चुप रहे. उन्होंने कम से कम 30 बार यह दावा किया है.
  • 30 नवंबर 2024 को, ट्रंप ने ब्रिक्स देशों पर 100% टैरिफ लगाने की धमकी दी थी. पीएम मोदी वहां बैठे मुस्कुरा रहे थे, जब ट्रंप ने 'ब्रिक्स मृत' घोषित किया!
  • ट्रंप महीनों से 'पारस्परिक टैरिफ' की योजना बना रहे थे. हम सभी को इसके बारे में पता था. आपने हमारे प्रमुख क्षेत्रों जैसे कृषि, एमएसएमई और विभिन्न उद्योगों पर पड़ने वाले झटके को कम करने के लिए केंद्रीय बजट में कुछ नहीं किया.
  • आपके मंत्री महीनों से अमेरिका के साथ व्यापार समझौते की बात कर रहे थे. उनमें से कुछ ने कई दिनों तक वाशिंगटन में डेरा डाला.
  • आप अमेरिका के साथ व्यापार समझौता करने में विफल रहे. आपके पास छह महीने से अधिक समय था. अब ट्रंप हमें धमका और दबाव डाल रहे हैं - लेकिन आप चुप हैं."

खड़गे ने चेतावनी दी कि ये टैरिफ भारत की अर्थव्यवस्था पर भारी पड़ेंगे. उन्होंने कहा, "भारत का अमेरिका को निर्यात 2024 में लगभग 7.51 लाख करोड़ रुपए का है. 50% का व्यापक टैरिफ का मतलब 3.75 लाख करोड़ रुपए का आर्थिक बोझ है." उन्होंने कहा कि एमएसएमई, कृषि, डेयरी, इंजीनियरिंग सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स, रत्न और आभूषण, दवा निर्माण, पेट्रोलियम उत्पाद और सूती वस्त्र जैसे क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित होंगे. "आपकी सरकार को इसका सामना करने के लिए कोई नीति नहीं है. उन्होंने कहा, आप इस विदेश नीति आपदा का दोष 70 साल के कांग्रेस शासन पर भी नहीं डाल सकते!!"

इससे पहले विदेश मंत्रालय ने एक कड़ा बयान जारी किया, जिसमें अमेरिका के कदम को "दुर्भाग्यपूर्ण" बताया और कहा कि भारत अपने राष्ट्रीय हित में कार्रवाई जारी रखेगा. मंत्रालय ने कहा, "यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि अमेरिका ने भारत पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने का फैसला किया, जबकि कई अन्य देश भी अपने राष्ट्रीय हित में ऐसे कदम उठा रहे हैं." राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को अतिरिक्त 25% टैरिफ के लिए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए. पहला 25% टैरिफ 7 अगस्त 2025 से लागू होगा, जबकि दूसरा चरण 21 दिन बाद शुरू होगा.

Mallikarjun Kharge Trump tariff Donald Trump Kharge Trump tariff

Recent News