नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में युवाओं ने प्रदर्शन किया. इसकी वजह बदहाल सफाई व्यवस्था और जलभराव है. प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने एलआरपी चौराहे पर यूपी सरकार के मंत्री और जिला प्रभारी का काफिला भी रोका और भारत माता की जय के नारे लगाए. दरअसल, मंत्री नितिन अग्रवाल एक कार्यक्रम से लौट रहे थे. इस दौरान शाम साढ़े सात बजे के आस पास कई युवक उनके काफिले के सामने आ गए.
मंत्री ने काफिले को रुकवाया और प्रदर्शनकारियों से बात की. इस दौरान युवाओं ने मंत्री नितिन अग्रवाल को समस्याएं बातई. साथ ही घटना का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो अब वायरल हो रहा है. काफिला रोकने वाले एक व्यापारी ने मीडिया को बताया कि यहां वर्षों से जलभराव की समस्या है, नालों की सफाई नहीं की जा रही है. उन्होंने बताया कि कई बार वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन समस्या के निदान के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई.
उन्होंने कहा कि आज हमने मजबूरी में मंत्री जी के काफिले को रोकने की ठानी, लेकिन कोतवाल साहब ने हमलोगों पर मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी, लेकिन हम जनता की आवाज उठाते रहेंगे.
एक अन्य युवा व्यापारी ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर हम लोगों ने कई बार सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की, लेकिन समस्या का निदान नहीं हुआ और जिम्मेदार अधिकारी भी सुनवाई करने को तैयार नहीं है. वहीं पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका एक दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर समस्या का हल नहीं हुआ तो वे होल बड़ा आंदोलन करेंगे.