400 किलोग्राम RDX लेकर घुसे 14 पाकिस्तानी आतंकी, 34 वाहनों में "मानव बम",  'लश्कर-ए-जिहादी' ने मुंबई पुलिस को दी चेतावनी

Amanat Ansari 05 Sep 2025 01:51: PM 1 Mins
400 किलोग्राम RDX लेकर घुसे 14 पाकिस्तानी आतंकी, 34 वाहनों में

नई दिल्ली: मुंबई की ट्रैफिक पुलिस को उनके आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर एक धमकी भरा संदेश मिलने के बाद पूरे मुंबई में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. इस संदेश में दावा किया गया है कि कई आतंकवादी हमलों की योजना बनाई जा रही है. पुलिस के अनुसार, संदेश में कहा गया है कि शहर में 34 वाहनों में "मानव बम" लगाए गए हैं और चेतावनी दी गई है कि विस्फोट "पूरी मुंबई को हिला देंगे."

अधिकारी ने मीडिया को बताया कि गणेश उत्सव के 10वें दिन, अनंत चतुर्थी के लिए पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था किए जाने के बीच, गुरुवार को ट्रैफ़िक पुलिस नियंत्रण कक्ष को एक धमकी भरा संदेश मिला. उन्होंने बताया कि अपराध शाखा ने धमकी की जांच शुरू कर दी है और आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) तथा अन्य एजेंसियों को भी सूचित कर दिया गया है. धमकी देने वाले संगठन ने खुद को 'लश्कर-ए-जिहादी' बताया है और दावा किया है कि 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस आए हैं.

धमकी में यह भी कहा गया है कि हमलों में 400 किलोग्राम आरडीएक्स विस्फोटक का इस्तेमाल किया जाएगा. मुंबई में 10 दिवसीय गणेश उत्सव मनाया जा रहा है और पुलिस शनिवार को अंतिम दिन शहर की सड़कों पर उमड़ने वाले लाखों लोगों के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रही है. संदेश के स्रोत की जांच के साथ-साथ पुलिस शहर में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियात बरत रही है.

अधिकारी ने बताया कि प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और विभिन्न जगहों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुंबईवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है. मुंबई पुलिस ने पुष्टि की है कि वे धमकी भरे संदेश के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है.

Mumbai police terror threat Lashkar-e-Jihadi human bombs in vehicles Mumbai security heightened

Recent News