उत्तर प्रदेश की 7 विधानसभा सीटों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी गई है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि गाजियाबाद से संजीव शर्मा, कुंदरकी से रामवीर ठाकुर, करहल से अनुजेश यादव, खैर से सुरेंद्र दिलेर, फूलपुर से दीपक पटेल, कटेहरी से धर्मराज को उम्मीदवार घोषित किया गया है.
बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव 2024 के तहत 9 विधानसभा सीटों पर चुनाव होने हैं, जबकि मिल्कीपुर सीट पर चुनाव टाले गए हैं. ये चुनाव 13 नवंबर 2024 को होंगे और मतगणना 23 नवंबर 2024 को होगी. यह उपचुनाव विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि यह यूपी की राजनीति में प्रमुख बदलाव ला सकता है, खासकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए. हाल ही में लोकसभा चुनावों में पार्टी को झटका लगा था और यह उपचुनाव उनके लिए एक अग्निपरीक्षा साबित हो सकता है.
यूपी में फिलहाल दस सीटें खाली हैं, जिनमें से पांच सीटें 2022 में समाजवादी पार्टी (SP) ने जीती थीं और तीन सीटें BJP के पास थीं. SP और कांग्रेस गठबंधन ने मिलकर चुनाव लड़ने की योजना बनाई है, जबकि BJP और NDA गठबंधन के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी. कांग्रेस ने कहा है कि वह इन युनावों में अपना प्रत्याशी नहीं उतारेगी और सभी उम्मीदवार सपा की चुनाव चिह्न पर ही चुनाव लड़ेंगे.
कौन-कौन सीट महत्वपूर्ण हैं?
प्रमुख सीटों में करहल (मैनपुरी), मिल्कीपुर (अयोध्या), फुलपुर और गाजियाबाद शामिल हैं. करहल सीट SP प्रमुख अखिलेश यादव की है, जबकि गाजियाबाद सीट BJP के पास थी. विशेषज्ञ दावा करते हैं कि BJP इस उपचुनाव को 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारी के तौर पर देख रही है, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भविष्य का फैसला हो सकता है.
दूसरी ओर, SP और कांग्रेस की कोशिश होगी कि वे अपनी मौजूदा राजनीतिक गति को बनाए रखें और ज्यादा सीटें हासिल करें. इस उपचुनाव से उत्तर प्रदेश की राजनीतिक दिशा को लेकर कई संभावनाएं बन रही हैं और दोनों मुख्य राजनीतिक दलों के लिए यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा. हालांकि बीजेपी अभी हरियाणा में जीतकर आई है.