नागपुर: महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने पाकिस्तान निर्मित Goree Beauty Cream पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. इस क्रीम में जहरीले मरकरी (मर्करी) पाया गया है और इसमें एक्सपायरी डेट भी नहीं छपी थी. नागपुर में कई महिलाओं ने इस क्रीम का नियमित इस्तेमाल किया था. लंबे समय तक लगाने के बाद उन्हें किडनी संबंधी गंभीर समस्याएं होने लगीं.
शिकायत मिलने पर FDA ने सैंपल लिए और लैब टेस्ट में मरकरी की उच्च मात्रा पाई गई. मरकरी त्वचा को गोरा करने के साथ-साथ किडनी, नर्वस सिस्टम और अन्य अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है. पूरे महाराष्ट्र में क्रीम की बिक्री और वितरण पर बैन किया गया है. राज्यभर में छापेमारी कर स्टॉक जब्त करने की मुहिम शुरू कर दी गई है.
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर भी नजर रखी जा रही है. उपभोक्ताओं को चेतावनी जारी की गई है कि इस क्रीम का इस्तेमाल न करें. Goree Beauty Cream मुख्य रूप से त्वचा की पिगमेंटेशन, डार्क स्पॉट्स कम करने और गोरा करने का दावा करती है. यह पाकिस्तान में बनी है और अनौपचारिक नेटवर्क व ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए बिक रही थी.