पुणे: महाराष्ट्र के पुणे स्थित ऐतिहासिक और प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सिंहगढ़ किले पर पर्यटकों के साथ मारपीट और बदसलूकी की घटना सामने आई है। बारिश और घने कोहरे के बीच किले के संकरे रास्ते पर पर्यटकों के साथ हुई हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विवाद की मुख्य वजह एक पर्यटक द्वारा शॉर्ट्स (हाफ पैंट) पहनना बताई जा रही है, जिस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताते हुए हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, एक निजी कंपनी के सीनियर मैनेजर अपने परिवार और दोस्तों के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज के वीर सेनापति तानाजी मालुसरे के स्मारक के दर्शन करने सिंहगढ़ किला पहुंचे थे। वापस लौटते समय कुछ स्थानीय लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके पहनावे पर आपत्ति जताते हुए 'हिंदू संस्कृति' की दुहाई देकर तंज कसना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने पर्यटक पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। बीच-बचाव करने आई पीड़ित की पत्नी के साथ भी धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने उसी दौरान किले पर मौजूद तीन अन्य पर्यटकों के समूहों को भी अपना निशाना बनाया और प्लास्टिक की छड़ों व थप्पड़ों से हमला किया, जिसमें कई लोग चोटिल हुए हैं। घटना के बाद पीड़ितों ने नीचे पहुंचकर पुलिस गश्ती दल को आपबीती सुनाई और थाने में शिकायत दर्ज कराई।
हवेली पुलिस स्टेशन ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 'समस्त हिंदू बांधव समाज' नामक संगठन से जुड़े आठ सदस्यों (जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं) के खिलाफ दंगा भड़काने, गैरकानूनी जमावड़ा करने, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नामजद आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।