नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में एक जोरदार धमाका हुआ है, जिसमें लोगों के मारे जाने की भी खबर है. दावा किया जा रहा है कि नगर पंचायत भरतकुंड के महाराणा प्रताप वार्ड के पगलाभारी गांव में यह धमाका हुआ है. इसकी वजह से एक घर पूरी तरह से जमींदोज हो गया है. इस घटना में पांच लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, जिसमें बच्चे भी शामिल हैं. हालांकि यह धमका किस वजह से हुई, अभी तक इसकी जानकारी नहीं दी गई है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके की आवाज से पूरा एक किलोमीटर का इलाका दहल गया. आवाज सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंचे. लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ अयोध्या भी घटना स्थल पर पहुंचे. जिला अस्पताल में पांच लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है और कई लोग घायल बताए जा रहे हैं.
घायलों में बच्चे भी शामिल हैं.पुलिस सूत्रों ने जानकारी दी है कि संभवतः अवैध पटाखों में विस्फोट के कारण यह घटना घटी है. हालांकि, घटना स्थल पर ईंधन और गैस की भी बदबू आने की बात कही गई है. कुछ अन्य घरों में भी लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. घटना स्थल पर अभी भी रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है.
Ayodhya News
Ayodhya Blast
Ayodhya News
UP News