पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या मामले में बड़ा खुलासा, सुवेंदु का बड़ा ऐलान

Amanat Ansari 07 May 2026 09:24: PM 1 Mins
पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या मामले में बड़ा खुलासा, सुवेंदु का बड़ा ऐलान

West Bengal Chandranath Rath Murder: मध्यमग्राम में बुधवार रात बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई. विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के महज दो दिन बाद हुई इस घटना ने राज्य में तनाव का माहौल बना दिया है. रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच चंद्रनाथ रथ अपनी कार में सवार थे. तभी बाइक पर सवार हमलावर उनकी गाड़ी के पास पहुंचे और बेहद करीब से (पॉइंट ब्लैंक रेंज में) फायरिंग कर दी.

चश्मदीदों के अनुसार, हमलावरों ने दो राउंड गोलियां चलाईं, जिससे चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गई. कार चला रहे ड्राइवर को भी गोली लगी है और वह घायल है. फायरिंग के तुरंत बाद हमलावर भाग निकले.

सुवेंदु अधिकारी का आरोप

सुवेंदु अधिकारी ने इस हत्या को 'पूरी तरह प्लान्ड' बताया. उन्होंने कहा कि हमलावरों ने दो-तीन दिन पहले से चंद्रनाथ की रेकी की थी. सुवेंदु ने इसे पिछले 15 साल के 'महाजंगलराज' का नतीजा करार दिया और कहा कि बीजेपी अब इन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी. उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कानून अपने हाथ में न लें.

भवानीपुर हार का बदला?

बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने इस घटना को राजनीतिक साजिश बताया. उनका कहना है कि यह ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट पर हार का बदला हो सकता है. उन्होंने दावा किया कि चंद्रनाथ किसी राजनीतिक विवाद में नहीं थे, फिर भी उन्हें निशाना बनाया गया. केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में अच्छी प्रगति हुई है.

टीएमसी ने भी की निंदा

मजूमदार ने कहा, “जैसे ही हमारी सरकार बनेगी और मुख्यमंत्री शपथ लेंगे, सब कुछ ठीक कर दिया जाएगा. अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा.” तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना की निंदा की है. पार्टी ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की है ताकि सच्चाई सामने आ सके. यह हत्या पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद शुरू हुई हिंसा की पहली बड़ी घटना है, जिसने पूरे राज्य में सियासी उबाल पैदा कर दिया है.

Suvendu Adhikari Suvendu PA murder Bengal violence Chandranath Rath

Recent News