West Bengal Politics : पश्चिम बंगाल की सियासत में इन दिनों तृणमूल कांग्रेस को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं. राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहे हैं कि जब पार्टी और सरकार पर विपक्ष लगातार हमलावर है, तब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कई चर्चित चेहरे पहले की तरह मुखर क्यों नहीं दिख रहे हैं.
एक समय पार्टी की सबसे आक्रामक सांसदों में गिनी जाने वाली महुआ मोइत्रा राष्ट्रीय मुद्दों पर लगातार सुर्खियों में रहती थीं, लेकिन हाल के महीनों में उनकी सक्रियता सीमित नजर आई है। इसी तरह सायनी घोष भी पहले सोशल मीडिया और राजनीतिक अभियानों में काफी सक्रिय रहती थीं, मगर अब उनकी सार्वजनिक मौजूदगी अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रही है.
इसके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी पिछले कुछ समय से संगठनात्मक बैठकों और चुनिंदा कार्यक्रमों तक सीमित रहे हैं. वहीं वरिष्ठ नेता फिरहाद हकीम और कुणाल घोष ही अक्सर मीडिया में पार्टी का पक्ष रखते दिखाई देते हैं.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तृणमूल कांग्रेस फिलहाल अपनी रणनीति को केंद्रीकृत करने की कोशिश कर रही है, जहां बड़े नेताओं की बजाय संगठन और सरकार के प्रदर्शन पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है. दूसरी ओर विपक्ष इसे पार्टी के भीतर असहजता और नेतृत्व संकट का संकेत बताने की कोशिश कर रहा है.
हालांकि तृणमूल कांग्रेस इन तमाम अटकलों को खारिज करती है. पार्टी का दावा है कि सभी नेता अपने-अपने दायित्व निभा रहे हैं और ममता बनर्जी के नेतृत्व में संगठन पूरी तरह एकजुट है. फिर भी राजनीतिक चर्चा का केंद्र यही बना हुआ है कि जब ममता बनर्जी विपक्ष के हमलों का अकेले सामना करती नजर आती हैं, तब पार्टी के कई बड़े और चर्चित चेहरे आखिर पर्दे के पीछे क्यों दिखाई दे रहे हैं.