गाजियाबाद: गाजियाबाद के लोनी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. अपनी 13 साल की बेटी की इज्जत बचाने के लिए एक महिला ने अपने मुस्लिम लिव-इन पार्टनर की निर्मम हत्या कर दी. इस वारदात में उसकी छोटी बहन भी शामिल थी. दोनों बहनों ने हत्या को खुदकुशी का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जांच में सारा राज खुल गया.
ट्रोनिका सिटी की पूजा कॉलोनी में रहने वाली किरण (32) पिछले 9 महीने से जाकिर (रामपुर निवासी) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी. जाकिर शादीशुदा था और उसकी पत्नी-बच्चे रामपुर में रहते थे. किरण का पति दनकौर में मजदूरी करता है. दोनों के बीच संबंध अच्छे चल रहे थे, लेकिन करीब 2 महीने पहले जाकिर किरण की 13 साल की बेटी पर गंदी नजर रखने लगा.
किरण ने कई बार जाकिर को रोका, लेकिन जब वह नहीं माना तो उसने हत्या का फैसला कर लिया. किरण ने अपनी छोटी बहन कशिश (21) को बुलाया और पूरा प्लान बनाया. 23 जून की रात दोनों बहनों ने पहले जाकिर के सिर पर डंडे से वार किया. जब वह बेहोश हो गया, तो गमछे से उसका गला घोंट दिया. बाद में खुदकुशी का नाटक रचने के लिए उसकी लाश को पंखे से लटकाने की कोशिश की, लेकिन लाश भारी होने के कारण पंखे के ब्लेड मोड़ दिए.
किरण ने शोर मचाया और लोगों को बताया कि जाकिर ने खुदकुशी कर ली. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने के सबूत मिलने और CCTV फुटेज के बाद पुलिस को शक हुआ. पूछताछ में दोनों बहनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने दोनों बहनों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच जारी है.