मथुरा में पुलिस ने रेप और लूट करने वाले बदमाश को मुठभेड़ में मार गिराया

Global Bharat 01 Jun 2024 01:37: PM 1 Mins
मथुरा में पुलिस ने रेप और लूट करने वाले बदमाश को मुठभेड़ में मार गिराया

उत्तर प्रदेश के मथुरा के महावन थाना क्षेत्र इलाके में पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान 25 हजार रुपए का इनामी बदमाश गिरफ्तार किया था. शुक्रवार की दोपहर 12:00 बजे इनामी बदमाश मनोज उर्फ उत्तम उपचार के दौरान पुलिस को चकमा देकर जिला अस्पताल से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.

आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगा दी गई है. जांच पड़ताल के दौरान फिर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी. वहीं अस्पताल में इलाज के दौरान बदमाश की मौत हो गई.

सूत्रों से जानकारी मिली है कि बीती रात्रि दलोता के पास सेही रोड़ पर थाना शेरगढ़ पुलिस व एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस अभिरक्षा से भागे इनामी अपराधी मनोज उर्फ उत्तम को गोली लग गई, जिसको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतक बदमाश पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था. इस बदमाश ने पिछले सप्ताह महावन क्षेत्र में बाइक पर लिफ्ट देने के बहाने एक 65 वर्षीय महिला के साथ खेत में बलात्कार की घटना को अंजाम दिया था और उसके साथ लूट भी की थी. महिला के साथ हुई घटना को लेकर ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पुलिस कार्यालय पर भी प्रदर्शन किया था.

पुलिस ने इस बदमाश को बीते दिनों मुठभेड़ में गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया था जहा से यह शातिर चकमा देकर फरार हो गया था.

सूत्रों का कहना है कि यह बदमाश महिला के साथ बलात्कार करने की घटनाओं का आदी था. इसके खिलाफ पूर्व समय में भी एक बलात्कार का मुकदमा दर्ज है. बहुत से मामलों में इसके खिलाफ पुलिस थानों में लोगो ने लोक लाज के भय से सूचना भी दर्ज नहीं कराई थी.

Recent News