मेरठ : उत्तर प्रदेश के मेरठ में सोमवार को नगर निगम की व्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन उस समय तनावपूर्ण हो गया जब ग्रामीणों और स्थानीय पार्षद की एडीएम सिटी बृजेश सिंह के साथ तीखी बहस हो गई. इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अधिकारी के गुस्से भरे तेवर साफ दिखाई दे रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, वार्ड संख्या 6 के पार्षद प्रदीप कसाना के नेतृत्व में कुंडा, पुट्ठा और डूंगरवाली समेत कई गांवों के सैकड़ों ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर कमिश्नरी कार्यालय पहुंचे थे. प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उनका क्षेत्र नगर निगम के तहत होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं से वंचित है. लोगों ने सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई न होने और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने को लेकर नाराजगी जताई.
पार्षद का कहना था कि पूरे क्षेत्र में कर्मचारियों की भारी कमी है और अधिकांश संसाधन वीआईपी इलाकों में लगाए जा रहे हैं. इसी दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. आरोप है कि इस दौरान ट्रैक्टरों की चाबियां भी जब्त कर ली गईं, जिससे ग्रामीण भड़क उठे और मौके पर नारेबाजी शुरू हो गई.
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एडीएम सिटी बृजेश सिंह और अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी मौके पर पहुंचे. इसी दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. वायरल वीडियो में एडीएम सिटी को गुस्से में कहा कि दिमाग खराब है तुम्हारा… अभी तुम मुझे जानते नहीं हो… दो मिनट में तरीका सिखा दूंगा.
इस बयान के बाद मौके पर मौजूद लोग और अधिक आक्रोशित हो गए और नगर निगम हाय-हाय तथा प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगने लगे. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और एडीएम सिटी को सुरक्षा घेरे में लेकर पीछे हटाया. फिलहाल पूरा मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.