मेरठ: फिल्मों में अक्सर शातिर अपराधी पुलिस को खुली चुनौती देकर फरार हो जाते हैं, लेकिन असल जिंदगी में ऐसा दुस्साहस करना एक महिला लुटेरी को भारी पड़ गया। मेरठ के सरधना में पेटीएम कंपनी के एक टीम लीडर से हुई बड़ी लूट के मामले में फरार चल रही वॉन्टेड आरोपी महिला ज्योति चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिस से छिपकर फरारी काट रही ज्योति सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव थी और उसकी यही रील बनाने की आदत उसकी गिरफ्तारी की वजह बन गई।
इंस्टाग्राम पर मारा था फिल्मी डायलॉग
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद ज्योति चौधरी लगातार फरार चल रही थी। इसी फरारी के दौरान उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो रील पोस्ट की, जिसमें वह बड़े टशन में फिल्मी अंदाज में कहती नजर आई— "शाका मारा जा सकता है, लेकिन पकड़ा नहीं जा सकता"। यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, मेरठ की सरधना पुलिस ने इसे एक बड़े सुराग के तौर पर लिया और उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखनी शुरू कर दी।
शादी के बाद पति संग हनीमून मनाते दबोची गई
पुलिस के मुताबिक, फरारी के ही दौरान ज्योति ने शादी कर ली और वह अपने पति के साथ उत्तराखंड के हरिद्वार में हनीमून मनाने पहुंच गई। वह वहां की खूबसूरत वादियों से लगातार अपनी रील्स, वीडियो और फोटो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर रही थी। पुलिस की सर्विलांस टीम ने इन्हीं पोस्ट्स की मदद से उसकी लाइव डिजिटल लोकेशन को ट्रेस किया। शनिवार को सरधना पुलिस की एक विशेष टीम ने हरिद्वार में अचानक दबिश देकर उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पहले थी डांसर, फिर बनी लुटेरी
पुलिस जांच में सामने आया है कि ज्योति चौधरी पहले एक पेशेवर डांसर थी, लेकिन बाद में वह अपराधियों के संपर्क में आई और लूटपाट करने वाले गिरोह का हिस्सा बन गई। अपने वर्तमान पति के साथ मिलकर वो लूटपाट करती थी. जबकि इसकी पहले भी एक बार शादी हो चुकी थी. पुराने पति का नाम सुनील है। उस समय ज्योति रागिनी कार्यक्रमों में नाचने का काम करती थी, लेकिन मंहंगे शौक और लालच के चलते वो गुनाहों के दलदल में इस कदर फंसी की कभी उबर ना सकी। इन्हीं कामों की बदौलत आज वो जेल की सलाखों के पीछे है।