Pakistan Air Force Officer : पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में रविवार को पाकिस्तान एयर फोर्स (PAF) के ग्रुप कैप्टन आसिम तारिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना शहर के शाहीन चौक नाइंथ एवेन्यू के पास हुई. शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, ग्रुप कैप्टन आसिम तारिक अपनी कार से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने एक युवक को कथित तौर पर एक महिला को जबरन वाहन में बैठाने की कोशिश करते देखा. महिला की मदद के लिए उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप किया.
पुलिस के अनुसार, इस दौरान आरोपी और ग्रुप कैप्टन के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद हमलावर ने पिस्तौल से कई राउंड फायर कर दिए. गोली लगने से ग्रुप कैप्टन आसिम तारिक की मौके पर ही मौत हो गई. उनका शव कार में सीट बेल्ट लगाए हुए मिला. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया.
महिला को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला का परिचित और सहकर्मी बताया जा रहा है..पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है.
घटना के बाद पाकिस्तान में इस मामले को लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है. सोशल मीडिया पर ग्रुप कैप्टन आसिम तारिक को बहादुरी के लिए श्रद्धांजलि दी जा रही है. वहीं, पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं. यह घटना ऐसे समय हुई है जब पाकिस्तान में सुरक्षा बलों और सरकारी अधिकारियों पर हमलों की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है.