नैनीताल : उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर में पुलिस ने एक लग्जरी रिसॉर्ट पर छापा मारकर कथित हाई-प्रोफाइल देह व्यापार और अश्लील पार्टी का भंडाफोड़ किया है. पुलिस कार्रवाई में कार्यक्रम के आयोजक समेत 52 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि 10 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इनमें एक नाबालिग भी शामिल है.
पुलिस के अनुसार, एक पेस्टीसाइड कंपनी ने अपने डीलरों के लिए रिसॉर्ट में गेट-टुगेदर के नाम पर पार्टी आयोजित की थी. जांच में आरोप है कि पार्टी में शराब, डांस और कथित देह व्यापार की व्यवस्था की गई थी. बताया जा रहा है कि दिल्ली और उत्तर प्रदेश से आए डीलरों के मनोरंजन के लिए युवतियों को बुलाया गया था. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, 10 युवतियों को लगभग 10-10 हजार रुपये का भुगतान करने की बात सामने आई है.
पुलिस का कहना है कि पूरे कार्यक्रम का संयोजन मेरठ निवासी उमेंद्र कुमार कर रहा था. छापेमारी के दौरान अधिकांश गिरफ्तार लोग उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी पाए गए. मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है और रिसॉर्ट की गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है.
नैनीताल पुलिस ने बताया कि रेस्क्यू की गई महिलाओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्हें किस माध्यम से बुलाया गया था तथा क्या किसी मानव तस्करी गिरोह की भी इसमें भूमिका है. पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साथ ही रिसॉर्ट प्रबंधन, आयोजकों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.
Prithvi Shaw cheating allegation : भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ एक बार फिर क्रिकेट से ज्यादा अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. इस बार विवाद की वजह उनकी मंगेतर आकृति अग्रवाल की सोशल मीडिया पोस्ट बनी है, जिसमें उन्होंने बिना किसी का नाम लिए खुद के साथ कई बार धोखा होने का दावा किया. हालांकि, पोस्ट में पृथ्वी शॉ का नाम नहीं लिखा गया, लेकिन सगाई और हालिया घटनाक्रम के कारण सोशल मीडिया पर इसे उन्हीं से जोड़कर देखा जा रहा है.
आकृति अग्रवाल ने मार्च 2026 में पृथ्वी शॉ से सगाई की थी. अब वायरल हो चुके एक इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने लिखा कि उन्हें कई बार धोखा दिया गया, लेकिन उन्होंने कभी कुछ नहीं कहा. उन्होंने यह भी लिखा कि सोशल मीडिया पर उनके बारे में जो अफवाहें चल रही हैं, वे सच हैं. बाद में यह पोस्ट डिलीट कर दी गई. वहीं, दोनों की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
पृथ्वी शॉ का क्रिकेट करियर भी लंबे समय से उतार-चढ़ाव से भरा रहा है. कभी उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा और सचिन तेंदुलकर का उत्तराधिकारी तक कहा गया था, लेकिन समय के साथ उनका प्रदर्शन गिरा, फिटनेस को लेकर सवाल उठे, अनुशासन संबंधी विवाद सामने आए और 2019 में प्रतिबंधित पदार्थ पाए जाने के कारण उन्हें डोपिंग नियमों के उल्लंघन पर निलंबन भी झेलना पड़ा.
अब आकृति अग्रवाल की पोस्ट के बाद पृथ्वी शॉ एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पोस्ट सीधे उन्हीं के लिए थी या नहीं. जब तक दोनों पक्षों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आती, तब तक चीटिंग के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकती.