मेहुल चोकसी के वकील विजय अग्रवाल लंदन में हिरासत में! भारी मात्रा में कैश मिला

Amanat Ansari 19 Aug 2026 06:57 PM 1 Mins
मेहुल चोकसी के वकील विजय अग्रवाल लंदन में हिरासत में! भारी मात्रा में कैश मिला

नई दिल्ली: भारत के भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के चर्चित वकील विजय अग्रवाल को लंदन में ब्रिटिश इमिग्रेशन अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया है. ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन पर इमिग्रेशन और वर्क परमिट नियमों के उल्लंघन का आरोप है. रिपोर्टों के अनुसार, लंदन के मेफेयर इलाके में एक प्रॉपर्टी की जांच के दौरान अग्रवाल को हिरासत में लिया गया.

यह कार्रवाई मकान मालिक की शिकायत के बाद हुई. जांच के दौरान प्रॉपर्टी में बड़ी मात्रा में कैश भी बरामद होने की बात सामने आई है. कैश के स्रोत की भी जांच चल रही है. वहां अग्रवाल की फर्म से जुड़े कुछ जूनियर वकील भी मौजूद थे. विजय अग्रवाल भारत में कई हाई-प्रोफाइल कॉर्पोरेट क्राइम और वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में बचाव पक्ष की पैरवी कर चुके हैं.

खास तौर पर वे मेहुल चोकसी के प्रमुख वकील रहे हैं. चोकसी पर पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले में करीब 13,000 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है और वह भारत से बाहर रहकर प्रत्यर्पण से बच रहा है. अग्रवाल ने विभिन्न देशों में चोकसी का प्रतिनिधित्व किया है. उन्होंने बॉम्बे हाईकोर्ट में भी पैरवी की और बेल्जियम में गिरफ्तारी के बाद भी कानूनी बचाव संभाला.

भारत द्वारा प्रत्यर्पण की कोशिशों के खिलाफ उन्होंने मानवाधिकार, जेल की स्थिति और स्वास्थ्य संबंधी तर्क दिए थे. फिलहाल ब्रिटिश अधिकारियों द्वारा वर्क परमिट उल्लंघन और बरामद कैश की जांच जारी है. आगे की कार्रवाई के नतीजे आने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी.

Mehul Choksi Vijay Aggarwal London Mehul Choksi lawyer detained

Recent News