MG मोटर इंडिया अगले साल जनवरी में अपनी पहली इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार, MG साइबरस्टर, लॉन्च करने जा रही है. यह इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार भारत में अपनी शुरुआत के लिए तैयार है और इसे भारत मोबिलिटी एक्सपो 2025 में 17 जनवरी को प्रदर्शित किया जाएगा. MG साइबरस्टर को यूरोपीय बाजार में पहले ही पेश किया जा चुका है, और अब यह भारत में ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी.
MG साइबरस्टर का डिज़ाइन आधुनिक और आकर्षक है, जिसमें शार्प लाइन्स, लो राइडिंग प्रोफाइल, और एरोडायनेमिक लुक जैसे फीचर्स हैं. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें सिज़र डोर हैं, जो एक बटन दबाने पर सिर्फ 5 सेकेंड में पूरी तरह खुल जाते हैं. डोर की सुरक्षा के लिए इसमें रडार-आधारित सेंसर भी लगाए गए हैं.
इस कार में 77kWh का लिथियम-आयन बैटरी पैक होगा, जो एक बार चार्ज करने पर 500 से 580 किमी की रेंज देगा. इस इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार का वजन 1,984 किलो है और इसकी लंबाई 4,533 मिमी, चौड़ाई 1,912 मिमी, और ऊचाई 1,328 मिमी होगी. साइबरस्टर को 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने में केवल 3.2 सेकंड का समय लगेगा.
इसमें दो सीटें होंगी और डैशबोर्ड पर तीन स्क्रीन वाला एक वर्टिकल इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा. यह वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो से भी लैस होगा. इसके अलावा, यह 19 से 20 इंच के डायमंड-कट अलॉय व्हील्स के साथ आएगी और इसमें स्पोर्टी और लक्ज़री डिज़ाइन का मिश्रण होगा.
MG साइबरस्टर को MG Select Outlet सब-ब्रांड के तहत बेचा जाएगा, और यह भारतीय बाजार में एक नया मुकाम हासिल करने की पूरी तैयारी में है.