नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है. यहां के एक मंदिर में 10 साल की नाबालिग बच्ची के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया है. स्थानीय पुलिस ने रविवार को इस मामले की जानकारी मीडिया से साझा की, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. पूरी घटना मथुरा के मोगोर्रा थाना क्षेत्र के एक गांव की है. मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार, गांव के कुएं पर दो बहनें कपड़े धो रही थीं. कपड़े धुल जाने के बाद बड़ी बहन वहां से चली गई थी. तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवक पानी पीने के बहाने बच्ची के पास पहुंचे और उससे पानी मांगा.
फिर दोनों बच्ची को पास के एक मंदिर में ले गए और बारी-बारी से दुष्कर्म किया. काफी देर हो जाने पर जब उसकी बड़ी बहन कुएं के पास पहुंची तो वह नहीं मिली. फिर बड़ी बहन पास के मंदिर पहुंची, जहां उसने बच्ची की चीख-पुकार सुनी. वहां युवती को आता देख दोनों आरोपी भाग गए. युवती ने बहन की हालत देखकर चिल्लाना शुरू कर दिया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की.
अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है. जल्द ही गुनहगारों को पकड़कर अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा. उधर, लड़की के दलित होने के कारण इस पर राजनीति भी शुरू हो गई है. कई दलित नेताओं ने घटना को लेकर आवाज उठाई है.