मथुरा में 17 वर्षीय लड़की का सनसनीखेज आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल

Amanat Ansari 08 Apr 2026 06:55: PM 2 Mins
मथुरा में 17 वर्षीय लड़की का सनसनीखेज आरोप, वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल

मथुरा: सोशल मीडिया पर एक दिल दहला देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में 17 साल की एक लड़की रोते-चीखते हुए बार-बार एक ही बात दोहरा रही थी, ''बाबा ने मेरे साथ रेप किया… बाबा ने मेरे साथ रेप किया.'' उसके साथ उसकी मां भी दिख रही थीं, जो ट्रैफिक पुलिस से ऑटो रिक्शा मंगवाने की कोशिश कर रही थीं. थोड़ी देर बाद लड़की ऑटो से थाने पहुंची और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

यह घटना मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र की है. लड़की ने परिक्रमा मार्ग के पास सब्जी की दुकान लगाने वाले वेशधारी बाबा प्रकाश चंद्र बेहरा पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया. सीओ सदर पीतम पाल सिंह के निर्देश पर जैंत थाना प्रभारी ने मामले की जांच शुरू कर दी. लड़की का बयान दर्ज किया गया और उसके आधार पर आरोपी बाबा के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया.

जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले की है. वह हरियाणा के पलवल स्थित एक गुरुकुल में कक्षा 10 की छात्रा है. उसकी मां पहले सरकारी शिक्षिका थीं, लेकिन बाद में उन्होंने नौकरी छोड़ दी. लड़की के पिता दिव्यांग थे, जिसके बाद मां ने उन्हें छोड़ दिया और बेटी के साथ मथुरा आकर रहने लगीं. लड़की पढ़ाई के लिए पलवल में रहती है और छुट्टियों में मथुरा अपनी मां के पास आती है.

मां ने आरोपी बाबा प्रकाश चंद्र बेहरा को अपना घर दान कर दिया था. बेहरा उड़ीसा का रहने वाला बताया जाता है और पिछले करीब तीन साल से उसी घर में मां-बेटी के साथ रह रहा था. सूत्रों के मुताबिक, लड़की की मां बाबा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थीं. घर बनाने के लिए उन्होंने बैंक से 15 लाख रुपए का लोन लिया था, जिसमें से 5 लाख रुपए चुका दिए गए थे. बाकी 10 लाख रुपए की किश्तें चुकाने के लिए मां आरोपी से बार-बार कहती थीं, लेकिन वह इनकार कर देता था. इसी मुद्दे पर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे.

रविवार को लड़की ने वृंदावन के परिक्रमा मार्ग पर अचानक हंगामा शुरू कर दिया. वह सड़क पर चीख-चीखकर लोगों को बता रही थी कि बाबा ने उसके साथ रेप किया है. आसपास भीड़ जमा हो गई. पुलिस चौकी तक पहुंचने के बाद भी वह रोती-चिल्लाती रही.

पुलिस ने उसे शांत किया और पूछताछ की. सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी प्रकाश चंद्र बेहरा को हिरासत में ले लिया गया है. उसकी पूछताछ जारी है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है. पुलिस आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है. यह पूरा मामला काफी संवेदनशील है और जांच अभी जारी है.

Mathura Crime Video viral Minor rape Mthura crime

Recent News