मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से जानकारी मिली है कि लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में राज्य के 9 संसदीय क्षेत्रों में मतदान मंगलवार सुबह 7 बजे प्रारंभ होगा. बता दें कि इन 9 संसदीय क्षेत्रों में कुल 74 प्रत्याशियों की किस्मत दाव पर लगी है. यहां यह भी जानकारी दे दें कि देश के 11 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की 93 लोकसभा सीटों पर मतदान होना है.
वहीं अगर मध्य प्रदेश की बात की जाए तो मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल संसदीय क्षेत्रों में मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई. सोमवार को ही मतदान दल अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएंगे. वहीं जानकारी मिली है कि मतदान शाम 6 बजे तक कराया जाएगा.
सिंधिया समेत इन दिग्गजों पर रहेगी नजर
सभी की निगाहें मुख्य रूप से गुना, विदिशा और राजगढ़ संसदीय क्षेत्र में लगी हुई हैं. यहां से केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (BJP), पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (BJP) और कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह चुनाव लड़ रहे हैं.
ज्योतिरादित्य सिंधिया का गुना में मुख्य मुकाबला कांग्रेस के राव यादवेंद्र सिंह से है, जबकि भाजपा के मजबूत गढ़ विदिशा में कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने प्रतापभानु शर्मा और राजगढ़ से दिग्विजय सिंह के सामने भाजपा ने मौजूदा सांसद रोडमल नागर पर दाव खेला है.
यहां यह भी जानकारी देते चलें कि मध्यप्रदेश में कुल 4 चरणों में मतदान प्रस्तावित है. वहीं मंगलवार को तीसरे चरण के बाद शेष 8 संसदीय क्षेत्रों में 13 मई को मतदान कराया जाएगा. शुरूआती दो चरणों में 12 क्षेत्रों में मतदान हो चुका है.