मुंबई : मोहर्रम जुलूस के दौरान कथित तौर पर जहरीले कैप्सूल बांटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिससे बड़ी संख्या में संदिग्ध कैप्सूल बरामद किए गए हैं. शुरुआती जांच के अनुसार आरोपी लोगों को दर्द से राहत देने के बहाने ये कैप्सूल वितरित कर रहा था.
यह मामला शहर के जेजे और भायखला क्षेत्र से जुड़ा है, जहां मोहर्रम जुलूस के दौरान कई लोगों को ये कैप्सूल दिए गए. पुलिस के मुताबिक, एक व्यक्ति ने कैप्सूल लेने के बाद पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की. इसके बाद आसपास मौजूद लोगों को संदेह हुआ और सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाई गई.
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी फैयाज प्रेमजी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14,900 कैप्सूल बरामद किए. अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक कैप्सूल में करीब एक ग्राम जिंक फॉस्फाइड भरा गया था. यह एक अत्यंत विषैला रसायन है, जिसका उपयोग सामान्यतः चूहे मारने की दवा बनाने में किया जाता है.
पुलिस का दावा है कि आरोपी ने लगभग 50 किलोग्राम जिंक फॉस्फाइड मंगाया था और वह करीब 30 हजार जहरीले कैप्सूल तैयार करने की योजना बना रहा था। हालांकि, समय रहते कार्रवाई होने से उसकी कथित साजिश सफल नहीं हो सकी.
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह कदम किस उद्देश्य से उठाया और क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है. बरामद सामग्री को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है. मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है.