मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने बुधवार को एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या (Baba Siddiqui Murder) के मामले में अमित हिसामसिंह कुमार नामक एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है. 29 वर्षीय कुमार हरियाणा के कैथल के नाथवान पट्टी का निवासी है. उसकी गिरफ्तारी के साथ ही मामले में हिरासत में लिए गए आरोपियों की कुल संख्या 11 हो गई है. इससे पहले रविवार को मुंबई पुलिस ने नवी मुंबई में एक स्क्रैप डीलर भगवत सिंह ओम सिंह को गिरफ्तार किया था, जिसकी पहचान राजस्थान के उदयपुर निवासी के रूप में हुई थी.
दावा किया जा रहा है कि इन्होंने ही 12 अक्टूबर को एनसीपी नेता की गोली मारकर हत्या करने वाले लोगों को हथियार मुहैया कराया था. बता दें कि बाबा सिद्दीकी की हत्या उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों ने की थी. पुलिस ने दो शूटरों गुरमेल बलजीत सिंह (23) और धर्मराज राजेश कश्यप (19) को गिरफ्तार किया था. मुख्य शूटर शिवकुमार गौतम और हत्या की साजिश में शामिल दो अन्य व्यक्ति फरार हैं.
क्राइम ब्रांच की टीमों ने फरार आरोपियों, खासकर गौतम की तलाश तेज कर दी है, जिसे मुख्य शूटर बताया जा रहा है. पुलिस ने जानकारी दी है कि महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हाई-प्रोफाइल हत्या के हत्यारों ने अगस्त के महीने में मुंबई से दूर कर्जत में शूटिंग का अभ्यास किया था. पुलिस ने यह भी खुलासा किया है कि मामले में गिरफ्तार किए गए पांच संदिग्धों ने शुरू में हत्या के लिए 50 लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन बाद में भुगतान पर असहमति और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता के प्रभाव के कारण पीछे हट गए.
हालांकि उन्होंने हत्या को अंजाम देने में शामिल लोगों को रसद और अन्य सहायता प्रदान की थी. गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान नितिन गौतम सप्रे (32), संभाजी किसन पारधी (44), प्रदीप दत्तू थोम्ब्रे (37), चेतन दिलीप पारधी (27) और राम फुलचंद कनौजिया (43) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, सप्रे डोंबिवली से हैं, जबकि पारधी, थोम्ब्रे और पारधी ठाणे जिले के अंबरनाथ से हैं और कनौजिया रायगढ़ के पनवेल के निवासी हैं.