Mzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कॉलेज के प्रोफेसर दुष्यंत कुमार पर बीएससी अंतिम वर्ष की एक छात्रा ने यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है. छात्रा ने प्रोफेसर पर परीक्षा में फेल करने की धमकी देकर मानसिक और यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है.
छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि प्रोफेसर दुष्यंत कुमार, जो कॉलेज में प्लांट पैथोलॉजी के प्रोफेसर हैं, लंबे समय से उसे परेशान कर रहे थे. उसने बताया कि प्रोफेसर रात में फोन और मैसेज के जरिए अश्लील बातें करते थे और वीडियो कॉल पर कपड़े उतारने का दबाव बनाते थे. अगर वह इसका विरोध करती, तो प्रोफेसर उसे प्रैक्टिकल परीक्षा में कम अंक देने या फेल करने की धमकी देते थे. छात्रा ने यह भी खुलासा किया कि प्रोफेसर ने उसे एक बार उनके कमरे में आने के लिए कहा, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई.
छात्रा की हिम्मत और परिजनों के समर्थन से यह मामला सामने आया. परिजनों और जाट महासभा के कार्यकर्ताओं के साथ छात्रा ने कॉलेज में हंगामा किया, जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. थाना प्रभारी अशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 75 (यौन उत्पीड़न) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. प्रोफेसर दुष्यंत कुमार को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी गई है.
सीओ सिटी राजू कुमार साव ने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पीड़िता के बयानों को रिकॉर्ड किया गया है. छात्रा ने प्रोफेसर के अश्लील मैसेज और कॉल रिकॉर्डिंग को सबूत के तौर पर पुलिस को सौंपा है. कॉलेज प्रशासन ने भी इस मामले में जांच शुरू कर दी है, हालांकि प्राचार्य ने दावा किया कि पहले इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली थी.ॉ
यह घटना शिक्षा जगत में एक गंभीर सवाल उठाती है, जहां शिक्षक जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति अपनी स्थिति का दुरुपयोग कर रहे हैं. स्थानीय लोग और छात्र संगठन इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषी को कड़ी सजा दी जाएगी.