नायब तहसीलदार ने महिला से की बदसलूकी तो मच गया हंगामा, जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश

Rahul Jadaun 16 Feb 2025 05:22: PM 2 Mins
नायब तहसीलदार ने महिला से की बदसलूकी तो मच गया हंगामा, जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के एक नायब तहसीलदार का महिला के ऊपर दबंगई दिखाने का वीडियो वायरल हो रहा है. वैसे यह पढ़े-लिखे नायब तहसीलदार साहब हैं, लेकिन आम जनता से इनके बात करने का लहजा किसी गुंडे से कम नहीं है. अपने पद के घमंड में साहब ये भी भूल जाते हैं कि वह किसी महिला से बात कर रहे हैं. सवाल उठ रहा है कि क्या आज के समय में अपनी समस्याओं को प्रशासन के सामने रखना इतना बड़ा गुनाह हो गया है, जो एक अधिकारी किसी महिला को भरे समाज में इस तरह से बेइज्जत कर देता है.चलिए आपको पूरा मामला बताते हैं कि साहब क्यों भड़के? गांव के लोगों ने क्या गुनाह किया था जिसके बदले उन्हें बेइज्जत किया जा राह है.

पूरा मामला आगरा के एत्मादपुर तहसील का है, जहां जलभराव की समस्या काफी समय से है. गांव के लोगों ने कई बार अधिकारियों से समाधान कराने की कोशिश की लेकिन इस समस्या का हल नहीं निकला. जिसके बाद गांव की महिलाएं तहसील में आयोजित समाधान दिवस में पहुंचीं. जहां उन्होंने अपने गांव के हालात उच्चअधिकारियों को बताए. समाधन दिवस में ही समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रर्थना पत्र भी दिया गया, जिसके बाद नायब तहसीलदार भजनलाल इस गांव में पहुंचते हैं.

वहां जाकर मुआयना करते हैं. प्रशासन को गांव में देख कर जिन लोगों ने शिकायत की थी वो भी वहीं पहुंच जाते हैं. लोगों को लगा शायद हमारी समस्या का समाधान करने के लिए आए हैं, लेकिन साहब का तो मूड खराब था शिकायत जाने की वजह से. यही वजह रही की जब महिला पानी निकासी की बात करती है तो साहब भड़क जाते हैं. महिला के साथ तू-तड़ाके पर उतर आते हैं. कहते हैं तहसील में पहुंच गई तो तू गवर्नर नहीं हो गई. अपनी बातचीत के दौरान नायब तहसीलदार को ये भी याद नहीं रहता कि वो जनता के सेवक हैं.

इसी जनता की सेवा करने के लिए उन्हें ये नौकरी मिली है. जितनी भी सुख सुविधाएं सरकार ने उन्हें दी हैं वो इसी जनता की सेवा के लिए हैं. इन सभी बातों को ताक पर रख कर भजनलाल तो बस गुस्से में दिखाई देते हैं. साहब इतने ज्यादा गुस्से में थे कि सीधे बोल देते हैं कि तुम्हें जिंदगी में नाली नहीं मिलेगी यहां. तुम्हारे चाहने से कुछ नहीं होगा. इस दौरान भीड़ में मौजूद किसी ने अधिकारी की बदसलूकी का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. लोगों ने वीडियो को देखने के बाद भजनलाल के खिलाफ नाराजगी भी जाहिर की है. वहीं आगरा के जिलाधिकारी ने वीडियो पर संज्ञान लिया है और पूरे मामले में जांच के आदेश भी दिए हैं. 

naib tehsildar agra naib tehsildar naib tehsildar misbehaved agra news

Recent News