बदल गया पोर्ट ब्लेयर का नाम, जानें अब क्या कहा जाएगा?

Global Bharat 13 Sep 2024 07:42: PM 1 Mins
बदल गया पोर्ट ब्लेयर का नाम, जानें अब क्या कहा जाएगा?

देश की नरेंद्र मोदी सरकार ने शुक्रवार को अंडमान और निकोबार आइलैंड्स (Andaman Nicobar Island) की राजधानी पोर्ट ब्लेयर (Port Blair) का नाम बदलकर "श्री विजयपुरम" (Sri Vijayapuram) कर दिया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने इस फैसले को देश को औपनिवेशिक छाप से मुक्त करने की भावना से प्रेरित बताया. गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से, देश को औपनिवेशिक छाप से मुक्त करने के लिए, हमने आज पोर्ट ब्लेयर का नाम बदलकर 'श्री विजयपुरम' करने का निर्णय लिया है."

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने यह भी कहा कि पोर्ट ब्लेयर का पुराना नाम ब्रिटिश उपनिवेशवाद की विरासत से जुड़ा था, जबकि 'श्री विजयपुरम' नाम हमारे स्वतंत्रता संग्राम में मिली जीत और अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह की विशिष्ट भूमिका का प्रतीक है. उन्होंने बताया कि अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह का भारत के स्वतंत्रता संग्राम और इतिहास में एक अनोखा स्थान है.

आपको बता दें, पोर्ट ब्लेयर का नाम पहले कैप्टन आर्चिबाल्ड ब्लेयर के नाम पर रखा गया था, जो ब्रिटिश औपनिवेशिक नौसेना के अधिकारी थे और जिन्होंने अंडमान द्वीपों और चागोस द्वीपसमूह का सर्वेक्षण किया था. 1788 में ईस्ट इंडिया कंपनी ने उन्हें अंडमान सागर का सर्वेक्षण करने के लिए नियुक्त किया था, और 1789 में वे इन द्वीपों पर पहुंचे थे.

गौरतलब हो, श्री विजयपुरम नाम का संबंध 'श्री विजय साम्राज्य' से है, जो दक्षिण-पूर्व एशिया का एक शक्तिशाली समुद्री साम्राज्य था और 7वीं से 13वीं सदी के बीच फला-फूला. गृह मंत्री ने बताया कि जिस द्वीप पर कभी चोल साम्राज्य का नौसैनिक अड्डा था, वह आज हमारे रणनीतिक और विकासात्मक लक्ष्यों का महत्वपूर्ण आधार बनने के लिए तैयार है. आपको बता दें, ये वहीं जगह है जहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने पहली बार तिरंगा फहराया था, और जहां सेल्युलर जेल भी मौजूद है, ये वहीं जगह है जहां वीर सावरकर और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों ने स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया था.

Recent News