UP में बदले 8 रेलवे स्टेशनों के नाम, अखिलेश ने योगी सरकार पर कसा तंज

Global Bharat 28 Aug 2024 03:08: PM 1 Mins
UP में बदले 8 रेलवे स्टेशनों के नाम, अखिलेश ने योगी सरकार पर कसा तंज

उत्तर प्रदेश के आठ रेलवे स्टेशनों के नाम बदल दिए गए हैं. यह नाम मंगलवार को जारी एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार किया गया है. ये स्टेशन लखनऊ मंडल के अंतर्गत आते हैं और उत्तर रेलवे के अधीन हैं, जिन स्टेशनों के नाम बदले गए हैं, उनमें कासिमपुर हॉल्ट, जैस, मिसरौली, बानी, निहालगढ़, अकबरगंज, वज़ीरगंज हॉल्ट और फुरसतगंज शामिल हैं. उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा लिए गए इस फैसले पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने तंज कसा है. बहरहाल जिन स्टेशनों के नाम बदले हैं उनके नाम हैं...

  • कासिमपुर हॉल्ट को 'जैस सिटी' नाम दिया गया है.
  • जैस का नाम बदलकर 'गुरु गोरखनाथ धाम' कर दिया गया है.
  • मिसरौली को अब 'मां कालिकन धाम' के नाम से जाना जाएगा.
  • बानी को 'स्वामी परमहंस' नाम से पुकारा जाएगा.
  • निहालगढ़ का नाम अब 'महाराजा बिजली पासी' कर दिया गया है.
  • अकबरगंज को 'मां अहोरवा भवानी धाम' के रूप में पहचाना जाएगा.
  • वज़ीरगंज हॉल्ट को 'अमर शहीद भाले सुल्तान' का नाम मिला है.
  • फुरसतगंज अब 'तपेश्वरनाथ धाम' के नाम से जाना जाएगा.

इस नाम परिवर्तन को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि सिर्फ स्टेशनों के नाम बदलने के बजाय उनकी स्थिति को भी सुधारने की दिशा में काम करें. साथ ही उन्होंने यह भी सुझाव दिया है कि नाम बदलने के बाद, सरकार को रेलवे दुर्घटनाओं की रोकथाम पर भी ध्यान देना चाहिए.

अखिलेश यादव ने एक ट्वीट में कहा, बीजेपी सरकार से अनुरोध है कि नाम बदलने के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों की स्थिति को भी बदला जाए...और जब नाम बदलने से फुर्सत मिले, तब रिकॉर्ड तोड़ रेलवे दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कुछ समय निकालिए.

इस नाम परिवर्तन को लेकर जनता में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखी जा रही है. कुछ लोग इस कदम का स्वागत कर रहे हैं, जबकि अन्य इसे केवल राजनीतिक लाभ के लिए उठाया गया कदम मानते हैं. रेलवे प्रशासन ने इस नाम परिवर्तन को आधिकारिक मान्यता दे दी है और जल्द ही सभी दस्तावेजों में इन नए नामों का इस्तेमाल किया जाएगा.

Recent News