नई दिल्ली: 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस की सुबह कोलकाता के दक्षिणी बाहरी इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ. दक्षिण 24 परगना के नजीराबाद (आनंदपुर) स्थित एक गोदाम में तड़के लगभग 3 बजे भीषण आग लग गई, जहां सूखे खाद्य पदार्थों के पैकेट और सॉफ्ट ड्रिंक्स की बोतलें रखी थीं.
आग की लपटें इतनी तेज़ी से फैलीं कि आस-पास के दो अन्य गोदाम भी पूरी तरह जल गए. अब तक कम से कम 7 लोगों की मौत की खबर है, कई घायल हुए हैं और परिजनों के अनुसार लगभग 20 लोग अभी भी लापता हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि गोदाम का मुख्य द्वार बाहर से बंद था, जिस कारण रात की शिफ्ट में मौजूद कर्मचारी और गार्ड बाहर नहीं निकल पाए.
संकरी गलियों के कारण फायर ब्रिगेड को शुरुआत में काफी परेशानी हुई. दमकल विभाग ने 15 फायर टेंडर और बड़ी संख्या में फायर फाइटर्स को मौके पर भेजा. गैस कटर से दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया गया. आग अब काफी हद तक नियंत्रण में है, लेकिन कुछ जगहों पर अभी भी धुआँ और छोटी लपटें उठ रही हैं. बचाव अभियान जारी है.
पुलिस, प्रशासन और दमकल की टीमें मिलकर काम कर रही हैं. राज्य के ऊर्जा मंत्री अरूप बिस्वास ने घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि यह दुखद समय है, राजनीति नहीं बल्कि राहत कार्य पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया. आग लगने का कारण अभी जांच के दायरे में है.