नई दिल्ली: भारत की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर कंपनी नायरा एनर्जी ने आज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की घोषणा की है. कंपनी ने पेट्रोल ₹5 प्रति लीटर और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता कर दिया है. यह कटौती देशभर में स्थित कंपनी के 7,000 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर लागू हो गई है.
क्यों हुई कटौती?
पश्चिम एशिया (ईरान) में तनाव कम होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें घटी हैं. नायरा एनर्जी दो साल से ज्यादा समय बाद कीमतें घटाने वाली पहली बड़ी कंपनी है. इससे पहले मार्च 2026 में ईरान युद्ध के दौरान नायरा ने ही सबसे पहले पेट्रोल-डीजल महंगे किए थे. अब वैश्विक तेल दरों में नरमी का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंच रहा है. हालांकि सरकारी तेल कंपनियों (IOCL, BPCL, HPCL) ने अभी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है.
कमर्शियल LPG सिलेंडर ₹183 सस्ता
9 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत ₹183 घटा दी गई है. दिल्ली में अब 19 किलो कमर्शियल LPG सिलेंडर की नई कीमत ₹2,930 हो गई है, जो पहले ₹3,113 थी. सरकार के इस फैसले से महंगाई पर लगाम लगेगा.
सरकार ने बताया कि पश्चिम एशिया संकट के दौरान लगाई गई पाबंदियां हटा ली गई हैं. घरेलू उत्पादन में सुधार और आयातित LPG कार्गो के आने की उम्मीद के चलते कमर्शियल उपभोक्ताओं (होटल, रेस्टोरेंट आदि) को पहले वाले स्तर पर सप्लाई बहाल कर दी गई है. हालांकि घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.