बॉक्सिंग की दुनिया में माइक टायसन की जेक पॉल से हार से सभी हैरान हैं, लेकिन इसी मुकाबले के बीच एक भारतीय एथलीट ने ग्लोबल स्तर पर इतिहास रच दिया है. भारतीय बॉक्सिंग स्टार नीरज गोयत ने ब्राजील के विंडरसन नुनेज़ को 60-54 से हराकर सभी को चौंका दिया है. नीरज की इस शानदार जीत ने उन्हें भारत में एक नायक बना दिया है और अब नीरज के फैंस के लिए एक और खुशखबरी आई है. इस लेथल भारतीय फाइटर को एक बड़ी स्पॉन्सरशिप डील मिली है.
जोमैटो के सीईओ दीपिंदर गोयल ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि उनकी कंपनी नीरज गोयत को अपने अगले प्रयासों में समर्थन देगी. दीपिंदर गोयल ने अपने पोस्ट में लिखा, "जोमैटो को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हम नीरज गोयत को स्पॉन्सर करेंगे, जिन्होंने ग्लोबल स्तर पर भारत को गर्वित किया है." उन्होंने आगे कहा, "मैं हाल ही में नीरज से 'द कपिल शर्मा शो' में मिला था. उनका जीवन संघर्ष और दृष्टिकोण प्रेरणादायक है. नीरज गोयत माइक टायसन और जेक पॉल के मैच में अकेला भारतीय बॉक्सिंग खिलाड़ी थे. हम नीरज की यात्रा का हिस्सा बनकर गर्व महसूस कर रहे हैं."
नीरज गोयत ने अपनी बॉक्सिंग यात्रा की शुरुआत 15 साल की उम्र में की थी. हालांकि, 2019 में एक कार दुर्घटना के कारण नीरज को लंबे समय तक बॉक्सिंग से दूर रहना पड़ा. लेकिन उनकी वापसी और संघर्ष ने उन्हें फिर से लाइमलाइट में ला दिया. नीरज 'बिग बॉस OTT' सीजन 3 के प्रतियोगी भी रहे, और अब विंडरसन नुनेज़ को हराकर उन्होंने अपनी ग्लोबल पहचान और भी मजबूत कर ली है.
नीरज की यह ऐतिहासिक जीत न केवल उनके लिए, बल्कि भारतीय बॉक्सिंग के लिए भी एक बड़ा कदम साबित हुई है. जोमैटो की तरफ से उन्हें मिलने वाली स्पॉन्सरशिप नीरज के लिए एक नई उम्मीद और प्रेरणा लेकर आई है. नीरज गोयत ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, संघर्ष और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
अब नीरज गोयत की नजरें अगले मुकाबले पर हैं, और भारतीय प्रशंसक उनकी और उनकी टीम की सफलता की कामना कर रहे हैं.