पुणे बिल्डर केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया मोड़! साजिश में और भी लोग शामिल?

Amanat Ansari 22 Sep 2026 04:23 PM 1 Mins
पुणे बिल्डर केतन अग्रवाल हत्याकांड में नया मोड़! साजिश में और भी लोग शामिल?

Ketan Agarwal Murder: पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या का मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है. उनके पिता विशाल अग्रवाल ने मंगेतर सिया गोयल के अलावा उनके परिवार के कुछ सदस्यों पर भी शक जताया है. उन्होंने सिया के माता-पिता, भाई, चाचा और चाची के इस साजिश में शामिल होने की आशंका जताई है.

पुलिस ने इस मामले में सिया गोयल, चेतन चौधरी और रितेश हांगे के खिलाफ 5 हजार से ज्यादा पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है. चार्जशीट के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर ‘माही’ नाम से एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था. इसी अकाउंट के जरिए केतन को लोहागढ़ किले तक ले जाने की योजना बनाई गई. 18 जून को वहां पहुंचने पर उन्हें पहाड़ी से धक्का दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई.

विशाल अग्रवाल ने चार्जशीट की कॉपी लेने के लिए कोर्ट में आवेदन किया है. उन्होंने कहा कि दस्तावेज देखने के बाद ही वे आगे कोई प्रतिक्रिया देंगे. साथ ही उन्होंने मामले की जल्द सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट और वरिष्ठ वकील उज्ज्वल निकम को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त करने की मांग की है. इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की थी.

केतन के पिता आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं और मौत की सजा की अपील भी की है. उनका कहना है कि पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. अभी परिवार चार्जशीट और आगे की कानूनी प्रक्रिया का इंतजार कर रहा है. मामले की पूरी सच्चाई अदालत में पेश सबूतों और सुनवाई के बाद ही साफ होगी.

Pune Murder case Builder murder Ketan Aggarwal

Recent News