नई दिल्ली: दक्षिण दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने तेज कार्रवाई की है. मंगलवार रात मुठभेड़ में एक आरोपी आसिफ घायल अवस्था में गिरफ्तार हुआ है. अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है.
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 8:45 बजे पीसीआर को सूचना मिली. अमर कॉलोनी थाना पुलिस आस्था कुंज पार्क पहुंची, जहां पीड़िता अपने नाबालिग दोस्त के साथ मिली. पीड़िता ने बताया कि वह दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने गई थी. दर्शन के बाद गेट नंबर सात से आस्था कुंज पार्क पहुंचीं. वहां तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्हें धमकाया और किशोरी को दोस्त से अलग कर सुनसान जगह पर ले गए.
आरोप है कि आसिफ ने हथियार और चाकू दिखाकर दुष्कर्म किया. इसके बाद उसके दो साथियों ने भी दुष्कर्म किया. वारदात के बाद आरोपियों ने दोनों को धमकाया. पीड़िता का एम्स में मेडिकल कराया गया. अमर कॉलोनी थाने में एफआईआर संख्या 354/26 दर्ज की गई, जिसमें बीएनएस की धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 6/17 लगाई गई हैं.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की. मंगलवार रात अमर कॉलोनी स्थित डीएम ऑफिस रोड के पास स्पेशल स्टाफ की टीम ने आसिफ को घेरने की कोशिश की. पुलिस का दावा है कि घिरने पर आरोपी ने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से एक हेड कॉन्स्टेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी.
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो गोलियां चलाईं, जिनमें एक आसिफ के दाहिने पैर में लगी. घायल आसिफ को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है. डीसीपी विनीत कुमार ने बताया कि क्राइम टीम और एफएसएल ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अब आसिफ से पूछताछ कर रही है और बाकी दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं.