नई दिल्ली: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़खानी और उत्पीड़न मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस ने मंगलवार को कुंदर बैराज के पास मुठभेड़ में घायल कर दिया. एनकाउंटर में उसके पैर में गोली लगी है. फिलहाल जमुई सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. दूसरे आरोपी हरेराम यादव के भी पैर टूटने की सूचना है.
क्या है पूरा मामला?
घटना 19 सितंबर की शाम को जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ इलाके में हुई. कोचिंग से लौट रहे नाबालिग छात्र-छात्रा को स्कूटी पर जाते समय 6-7 युवकों ने रोक लिया. आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज, मारपीट की और छात्रा से अभद्र व्यवहार किया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आक्रोश फैल गया. पुलिस ने वीडियो के आधार पर करीब सात आरोपियों की पहचान की है, जिनमें से तीन को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है.
नंदन यादव कौन है?
नंदन यादव जमुई के प्रतापपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. उसके पिता का नाम गनौरी यादव है. पुलिस के अनुसार वह घटना के बाद फरार चल रहा था. मुठभेड़ के दौरान भागने की कोशिश में पैर में गोली लगी. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक नंदन पर पहले से कई मामले दर्ज हैं. वह कथित तौर पर अवैध शराब तस्करी और अवैध बालू खनन में भी शामिल रहा है. उसकी पत्नी ने भी उस पर मारपीट का आरोप लगाया था और अब उसके साथ नहीं रहती.
सोशल मीडिया पर उसके पोस्ट और वीडियो में वह शराब की पार्टी करते नजर आता है, जबकि बिहार में शराबबंदी लागू है. पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने बताया कि पीड़ित छात्र-छात्रा एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते हैं. मामले में पोक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत FIR दर्ज है. एसआईटी जांच कर रही है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.