नई दिल्ली: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा को अजरबैजान से प्रत्यर्पण के बाद भारत लाया गया. SP ऋषभ झा के नेतृत्व में झारखंड पुलिस की एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की एक विशेष टीम मयंक को लेकर रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पहुंची. वहां से उसे कड़ी सुरक्षा के बीच बख्तरबंद गाड़ी में रामगढ़ ले जाया गया. मयंक सिंह झारखंड का पहला ऐसा अपराधी है, जिसे विदेश से प्रत्यर्पित किया गया है.
उसका आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है, जिसमें हत्या, उगाही, धमकी, गोलीबारी और आपराधिक साजिश जैसे 45 से अधिक मामले शामिल हैं. वह लंबे समय से फरार था और विदेश में छिपकर अपने अपराधी नेटवर्क को संचालित कर रहा था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, मयंक सिंह बड़े व्यापारियों और ठेकेदारों से उगाही करता था और उसके इशारे पर हत्याएं और गोलीबारी की घटनाएं अंजाम दी जाती थीं.
जांच में पता चला कि मयंक का लॉरेंस बिश्नोई और झारखंड के गैंगस्टर अमन साहू के साथ गहरा संबंध था. वह विदेश से अपने गुर्गों को निर्देश देता था और उगाही के लिए फोन कॉल्स करवाता था. इंटरपोल, भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और CBI की मदद से झारखंड पुलिस ने उसका पता लगाया और कई महीनों की कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे भारत लाने में सफलता हासिल की.
मयंक पहले मलेशिया गया था, जहां वह लॉरेंस बिश्नोई के करीबी रोहित गोदारा, गोल्डी बरार और संपत नेहरा के जरिए उसके संपर्क में आया. मलेशिया से ही उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा और राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में हत्या, उगाही और गोलीबारी जैसी वारदातों को अंजाम दिया. वह उस समय चर्चा में आया जब उसने राजस्थान के तत्कालीन राहत एवं आपदा प्रबंधन मंत्री और कांग्रेस विधायक गोविंद राम मेघवाल से उगाही की मांग की थी. इसके अलावा, उसने एक पेट्रोल पंप मालिक से 5 करोड़ रुपये की उगाही मांगी थी और पैसे न देने पर उस पर गोलीबारी करवाई थी.
जांच से यह भी खुलासा हुआ कि पासपोर्ट रद्द होने के बाद मयंक अवैध रास्तों (डंकी रूट) से सिंगापुर, ईरान और मेक्सिको होते हुए अमेरिका पहुंच गया था. वहां से वह अमन साहू गैंग के लिए पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में अपराधियों की भर्ती कर रहा था. साथ ही, वह झारखंड, बंगाल और छत्तीसगढ़ में कोयला और परिवहन कंपनियों से उगाही की साजिश रच रहा था. अब ATS उससे पूछताछ कर लॉरेंस बिश्नोई और अमन साहू गैंग के नेटवर्क के बारे में और जानकारी जुटाने की कोशिश करेगी.
यह भी पढ़ें: कहानी WWE की वो महिला रेसलर की जिसे लोगों ने समझ लिया था एस्कॉर्ट वाली, Kiss के लिए किया गया मजबूर