नई दिल्ली: बीएससी नर्सिंग के छात्र को पहले दोस्ती, फिर इश्क और आखिर में शादी के बहाने ब्लैकमेल कर लाखों ठगने का चौंकाने वाला केस सामने आया है. पीड़ित की मां की शिकायत पर बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने बदायूं की नर्सिंग स्टूडेंट अनम खान, उसके माता-पिता और भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है.
सुभाषनगर शांति बिहार की रहने वाली सुशीला देवी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा कुशल यादव दीपमाला नर्सिंग कॉलेज में पढ़ता है. इंटर्नशिप के दौरान बिथरी सीएचसी में उसकी जान-पहचान गंगाशील नर्सिंग कॉलेज की छात्रा अनम खान से हुई. मोबाइल चैटिंग से बात बढ़ी और अनम ने कुशल को अपने घरवालों से मिलवाया.
आरोप है कि अनम के परिवार ने पढ़ाई की फीस के नाम पर कुशल से 2 लाख रुपये ऐंठ लिए. फिर अनम ने उसे बहला-फुसलाकर बदायूं बुलाया, जहां मां-बाप और भाई ने धमकाकर जबरन निकाह करवा दिया.
शादी के बाद कहा गया कि 2 लाख तो पत्नी को दे चुके हो, अब उसकी आगे की पढ़ाई के लिए 5 लाख और चाहिए. कुशल के मना करने पर परिवार ने झूठा रेप केस ठोंकने की धमकी दी. धमकी को अमल में लाते हुए बिथरी चैनपुर थाने में कुशल के खिलाफ मुकदमा लिखवा दिया गया. अब आरोपी 7 लाख रुपये में सेटलमेंट करने का दबाव डाल रहे हैं.
अलग-अलग जगहों पर बुलाकर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं. सुशीला देवी का कहना है कि उनके बेटे को सोची-समझी साजिश से हनीट्रैप में फंसाया गया और अब अवैध उगाही हो रही है. उन्होंने निकाह की फोटो, वीडियो और पैसे मांगने के ऑडियो-मैसेज पुलिस को सौंपे हैं. पुलिस ने FIR काटकर जांच शुरू कर दी है.