लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के पहले दिन रविवार सुबह बलरामपुर स्थित शक्ति पीठ देवी पाटन मंदिर में मां पाटेश्वरी देवी का दर्शन-पूजन किया. उन्होंने लोक मंगल की कामना के साथ गौसेवा की और जिले की तरक्की का संकल्प दोहराया. सीएम योगी सुबह 8 बजे मंदिर के गर्भगृह पहुंचे. मंदिर के पीठाधीश्वर मिथिलेश नाथ योगी और अन्य पुजारियों ने उन्हें पूजा-पाठ कराया. उन्होंने मां के चरण पखारे, आरती उतारी और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की.
मंदिर परिसर का जायजा और गौसेवा
पूजा के बाद सीएम ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्देश दिए कि नवरात्रि पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए. उन्होंने सूर्यकुंड और थारू जनजाति छात्रावास का भी जायजा लिया. हर बार की तरह इस बार भी सीएम गौशाला पहुंचे और गोवंशों को हरा चारा तथा गुड़ खिलाकर उनका दुलार किया.
बलरामपुर को विकास की सौगात
सीएम योगी के दो दिवसीय दौरे का यह दूसरा दिन था. शनिवार को उन्होंने जिले को 803 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी थी. विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया, जिससे सदर और उतरौला विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी.
सीएम ने कहा कि बलरामपुर में विकास की अपार संभावनाएं हैं. युवाओं को शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने होंगे. मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखकर प्रशिक्षण और पाठ्यक्रम तैयार कर रहा है. मंदिर और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. मौके पर जिले के जनप्रतिनिधि और आला अधिकारी मौजूद रहे.